राणा सोढी द्वारा मोहाली का अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम पद्म श्री बलबीर सिंह सीनियर को समर्पित

चंडीगढ़,(द स्टैलर न्यूज़)। प्रसिद्ध हॉकी खिलाड़ी पद्म श्री बलबीर सिंह सीनियर की पहली पुण्यतिथि के मौके पर आज मोहाली के हॉकी स्टेडियम में औपचारिक श्रद्धाँजलि समारोह करवा के यह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम उनको समर्पित किया गया।

Advertisements

पंजाब के खेल, युवा सेवाएं और एन.आर.आई. मामलों संबंधी मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढी ने मोहाली के अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम का नाम पद्म श्री बलबीर सिंह सीनियर के नाम पर रखने की मंजूरी दे दी थी और उनकी तरफ से यह हॉकी स्टेडियम पद्म श्री बलबीर सिंह सीनियर को समर्पित किया गया। अब स्टेडियम को ‘ओलम्पियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनैशनल हॉकी स्टेडियम’ के तौर पर जाना जायेगा।

राणा सोढी ने इस मौके पर ऐलान किया कि कोविड की स्थिति में सुधार होने पर इस स्टेडियम में महान अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी की याद में एक अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामैंट करवाया जायेगा। बलबीर सिंह सीनियर के दोहते कबीर सिंह ने खेल मंत्री को स्नेह भावना के तौर पर प्रिंसिपल सरवन सिंह के द्वारा लिखी पुस्तक गोल्डन गोल भी भेंट की।
खेल मंत्री ने बताया कि खेल विभाग राज्य के हुनरमंद खिलाड़ियों के लिए इस महान खिलाड़ी के नाम पर स्कालरशिप की शुरूआत करेगा। उन्होंने आगे कहा कि श्री बलबीर सिंह सीनियर की याद में स्टेडियम के प्रवेश द्वार पर एक प्रतिमा भी स्थापित की जायेगी। खेल मंत्री ने महान खिलाड़ी की याद में पौधे भी लगाए।

जिक्रयोग्य है कि बलबीर सिंह सीनियर ने तीन बार ओलम्पिक चैंपियन बनने के लिए भारतीय हॉकी टीम में अहम भूमिका निभाई और आज तक कोई भी उनका ओलम्पिक फाईनल का रिकार्ड तोड़ नहीं सका है। उन्होंने 1952 के ओलम्पिक खेल के फाईनल में पाँच गोल दागे जिसमें भारत ने नीदरलैंड पर 6-1 से जीत दर्ज की।

बलबीर सिंह सीनियर वर्ष 1975 के विश्व कप विजेता भारतीय हॉकी टीम के मैनेजर थे। उन्होंने खेल विभाग, पंजाब के डायरैक्टर के तौर पर सेवाएं निभाईं और नौजवानों को खेल जगत की तरफ उत्साहित किया। पंजाब सरकार ने इस महान खिलाड़ी को साल 2019 में महाराजा रणजीत सिंह अवार्ड के साथ सम्मानित किया था।

इस मौके पर चार ओलम्पियन खिलाड़ी रजिन्दर सिंह सीनियर, रजिन्दर सिंह जूनियर, अजीत सिंह और प्रभजोत सिंह और सचिव, खेल राज कमल चौधरी, डायरैक्टर डीपीएस खरबन्दा और ज्वाइंट डायरैक्टर करतार सिंह भी मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here