
-बुजुर्गों ने कहा, हमारे घरों, गांव और इलाके में भी करवाएं फागिंग- -आज शहर के विभिन्न वार्डों के साथ-साथ शैक्षणिक संस्थाओं और धार्मिक स्थलों पर करवाई गई फागिंग-
होशियारपुर, 10 अक्टूबर: आज के भौतिकवाद युग में कई बच्चे भले ही माता-पिता की सेवा करने में संकोच महसूस करते हों और उनके माता-पिता को वृद्ध आश्रम की शरण में जाना पड़ता हो, मगर यहां रहते हुए बुजुर्गों को हर समय अपने बच्चों, गांव व इलाके की कितनी फिक्र रहती है। यह बात आज उस समय सामने आई जब कांग्रेस द्वारा शुरू की गई फागिंग मुहिम की टीम वृद्ध आश्रम में राम कालोनी कैंप पहुंची तो वहां पर आश्रित बुजुर्गों ने अपने गांव, घर व इलाके में भी फागिंग की जाए की मांग की। उन्होंने इस बात की चिंता व्यक्त की कि कहीं उनके बच्चों व इलाके के लोगों को डेंगू न हो जाए। उक्त बात विधायक सुन्दर शाम अरोड़ा ने फागिंग का निरीक्षण करने दौरान कही। उन्होंने बताया कि वृद्ध आश्रम में रहने वाले बुजुर्गों ने फागिंग मुहिम की खूब सराहना की। विधायक अरोड़ा ने कहा कि मां-बाप कहीं भी रहें उन्हें हमेशा अपने बच्चों का ध्यान व चिंता रहती है, इसलिए मां-बाप की सेवा और संभाल करनी चाहिए, क्योंकि यही हमारी संस्कृति है। माता-पिता से बड़ी कोई सेवा नहीं होती। विधायक अरोड़ा ने बताया कि मुहिम के तहत जहां वृद्ध आश्रम में फागिंग की गई वहीं अनाथालय सहित, डी.ए.वी. कालेज, एस.डी. कालेज, सैशन कोर्ट, कुष्ट आश्रम के अलावा वार्ड नंबर 8, 9, 10 व 11, अलग-अलग गुरूद्वारों, मंदिरों, रविदास सभाओं, पुलिस लाइन ग्राउंड व रोशन ग्राउंड में फागिंग करवाई गई। उन्होंने बताया कि फागिंग मुहिम में लगी टीम को लोगों का सहयोग मिल रहा है और लोगों के फोन भी आ रहे हैं कि उनके इलाके में फागिंग की जाए। विधायक अरोड़ा ने कहा कि जल्द ही पूरे शहर को कवर कर लिया जाएगा और शैक्षणिक संस्थाओं व धार्मिक स्थलों पर विशेष फोकस किया जा रहा है। विधायक अरोड़ा ने कहा कि क्षेत्र में लगातार हो रही फागिंग से लोगों ने राहत महसूस की है तथा दलगत राजनीति से ऊपर उठकर क्षेत्र को रोग मुक्त करने में सभी को सहयोग करना चाहिए तथा जहां भी जरूरत हो फागिंग के लिए संपर्क करें। इस मौके पर पार्षद सरवन सिंह, ब्लाक अध्यक्ष एडवोकेट राकेश मरवाहा, मीडिया इंचार्ज सुमेश सोनी, कृपा सिंह, परमजीत सिंह पम्मा, अरविंद लक्की तथा काका भी मौजूद थे।













