Monday, October 19, 2026
Home Chandigarh आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू होने के उपरांत राज्य में 100 करोड़...

आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू होने के उपरांत राज्य में 100 करोड़ रुपए की संपत्ति ज़ब्त: मुख्य निर्वाचन अधिकारी

चंडीगढ़ (द स्टैलर न्यूज़): पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनजऱ राज्य में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू होने के उपरांत अलग-अलग प्रवर्तन टीमों द्वारा राज्य में 28 जनवरी, 2022 तक आचार संहिता के उल्लंघन के सम्बन्ध में 100 करोड़ रुपए की कीमत की संपत्ति ज़ब्त की गई है। इस सम्बन्धी जानकारी देते हुए पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सी.ई.ओ.) डॉ. एस. करुणा राजू ने आज बताया कि निगरानी टीमों ने 7.43 करोड़ रुपए की 17.61 लाख लीटर शराब ज़ब्त की है। इसी तरह प्रवर्तन विंग द्वारा 74.64 करोड़ रुपए के नशीले पदार्थ बरामद करने के अलावा 16.73 करोड़ रुपए की बेनामी नकदी भी ज़ब्त की गई है।

Advertisements

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 1,176 संवेदनशील स्थानों की पहचान की गई है। इसके अलावा अशांति फैलाने की संभावना वाले 2,727 व्यक्तियों की पहचान भी की गई है, जिनमें 1,808 व्यक्तियों के विरुद्ध पहले ही कार्यवाही शुरु की जा चुकी है, जबकि शेष व्यक्तियों पर भी जल्द मामला दर्ज कर लिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि सुरक्षा के नज़रिए से सी.आर.पी.सी. अधिनियम की निवारक धाराओं के अंतर्गत 621 व्यक्तियों को काबू किया गया है। उन्होंने बताया कि ग़ैर-ज़मानती वॉरंटों के 2564 मामलों पर कार्यवाही की जा चुकी है, जबकि 106 मामलों पर कार्यवाही प्रक्रिया अधीन है। उन्होंने आगे कहा कि राज्य भर में 13,549 नाके लगाए गए हैं। डॉ. राजू ने बताया कि चुनाव आयोग के निर्देशानुसार राज्य में कुल 3,90,275 लाइसेंसी हथियारों में से अब तक 3,75,548 हथियार जमा करवाए जा चुके हैं, जबकि राज्य में 61 बिना लाइसेंस वाले हथियार ज़ब्त किए गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here