
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। विधानसभा चुनाव के मद्देनजऱ कांग्रेस उम्मीदवार एवं मौजूदा विधायक सुन्दर शाम अरोड़ा द्वारा की जा रही जनसभाओं में उन्हें जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है। इन सभाओं में जनता साफ संकेत दे चुकी है कि वह कांग्रेस के साथ हैं और इस बार भी हलका होशियारपुर से श्री अरोड़ा को विजयी बनाकर विधानसभा में भेजेगी। जनसेवा संकल्प के तहत जनसभाओं को संबोधित करते हुए श्री अरोड़ा ने कहा कि होशियारपुर का विकास ही उनकी प्राथमिकता है तथा वह जनता की सेवा को सदैव समर्पित रहे हैं और रहेंगे।

उन्होंने कहा कि वह इस बात को भलिभांती समझते हैं कि कोरोना के कारण काफी समय व्यर्थ निकल गया, जिसके कारण बहुत सारे विकास कार्य प्रभावित हुए हैं। लेकिन वह जनता को आश्वस्त करते हैं कि आने वाले समय में और भी तेजी से विकास कार्य करवाए जाएंगे ताकि हमारा शहर व पूरा हलका और भी विकसित हो सके व यहां के लोगों को हर सुविधा मिले।
इस दौरान श्री अरोड़ा ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने मुख्यमंत्री चरनजीत सिंग चन्नी की अगुवाई में बहुत ही कम समय में जो कार्य किए हैं उनका आम जनता को बहुत लाभ मिला है तथा जनता पुन: कांग्रेस की सरकार बनाने का मन बना चुकी है। क्योंकि, प्रदेशवासी जानते हैं कि उनके अधिकार और प्रदेश की तरक्की कांग्रेस के हाथों में ही सुरक्षित है।












