अमलेहड़ में नौ दिन पहले लापता वार्ड पंच का पेड़ से लटका मिला शव

ऊना(द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट: गुरजीत सोनू। जिला ऊना के थाना अम्ब के तहत अमलेहड़ पंचायत के वार्ड पंच का शव उसके घर के थोड़ी दूर जंगल में पेड़ से लटका मिला। वर्तमान में नरदेव सिंह वार्ड नंबर दो से वार्ड सदस्य था। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नरदेव सिंह कुछ साल पहले तक अंब के ही एक उद्योग में काम करता था,लेकिन उद्योग बंद होने से वह बेरोजगार हो गया था और इसी कारण थोड़ा परेशान भी था।
लगभग नौ दिन पहले नरदेव सिंह रहस्यमय हालात में घर से लापता हो गया था। परिजनों ने गुमशुदगी की शिकायत पुलिस में भी की थी और पुलिस भी इसकी तलाश में थी। शुक्रवार दोपहर को गांव का ही एक व्यक्ति घर के साथ लगते जंगल में पशुओं के लिए चारा लेने गया तो उसे नाले से बदबू आई। व्यक्ति ने गांव के स्थानीय लोगों को मौके पर बुलाकर नाले में जाकर जब इसकी जांच की तो वे लोग नरदेव सिंह का शव पेड़ से लटका हुआ देखकर हैरान रह गए। इसके बाद उन्होंने स्थानीय प्रधान सहित पुलिस को इस बारे में सूचित किया। लेकिन 59 वर्षीय नरदेव सिंह पुत्र सूरम सिंह की मौत की वजह आत्महत्या है या कुछ और इसका पता अब जांच पड़ताल के बाद ही चल पाएगा। थाना प्रभारी अम्ब आशीष पठानिया ने कहा कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया जा रहा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेजा जा रहा है।

Advertisements

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here