
चंडीगढ़(द स्टैलर न्यूज़) । पंजाब के पशु पालन विभाग के प्रमुख सचिव विकास प्रताप ने आज यहाँ बताया कि लम्पी स्किन बीमारी की रोकथाम के लिए मंत्री समूह द्वारा तीन दिनों के दौरान राज्य की सभी गौशालाओं में टीकाकरण का दिया गया लक्ष्य पूरा कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि विभाग के अमले ने सभी गौशालाओं का दौरा करके प्रबंधकों की सहमति के उपरांत पशुओं को टीके लगाए।

राज्य में फैली लम्पी स्किन और अफ्रीकन स्वाईन फीवर बीमारियों सम्बन्धी राज्य के समूह ज़िला अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद विकास प्रताप ने बताया कि अब तक करीब 5.94 लाख पशुओं का टीकाकरण मुकम्मल हो चुका है। उन्होंने बताया कि अगले हफ़्ते के दौरान 10 लाख सेहतमंद पशुओं को गोट पॉक्स के टीके लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि विभाग के पास उचित मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध है। अधिकारियों के हवाले से प्रमुख सचिव ने बताया कि पंजाब में लम्पी स्किन बीमारी का प्रभाव घटना शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि बीमारी के फैलाव में स्थिरता आ रही है और आने वाले दिनों के दौरान इसका प्रभाव और घटने की पूरी संभावना है।
बैठक के दौरान अफ्रीकन स्वाईन फीवर के फैलाव को रोकने के लिए अधिकारियों को चौकस रहने की हिदायत देते हुए विकास प्रताप ने कहा कि वह अपने अधीन आने वाले क्षेत्रों में पूरी मुस्तैदी बरतें। उन्होंने कहा कि अधिकारी बीमारी की रोकथाम के लिए ‘‘जानवरों में छूत की बीमारियों की रोकथाम और नियंत्रण अधिनियम, 2009’’ और ‘‘अफ्रीकन स्वाईन फीवर के नियंत्रण और ख़ात्मे के लिए राष्ट्रीय कार्य-योजना (जून 2020)’’ की हूबहू पालना सुनिश्चित बनाएं।प्रमुख सचिव ने लोगों को कहा कि अफ्रीकन स्वाईन फीवर से घबराने की ज़रूरत नहीं, क्योंकि यह बीमारी पशुओं से मनुष्य में नहीं फैलती।











