Friday, October 23, 2026
Home Hoshiarpur प्रदेश में जल्द ही 142 और नए आम आदमी क्लीनिक जनता को...

प्रदेश में जल्द ही 142 और नए आम आदमी क्लीनिक जनता को कर दिए जाएंगे समर्पित: डा. बलबीर सिंह

गढ़शंकर (द स्टैलर न्यूज़)। स्वास्थ्य एवं परिवाण कल्याण, मैडिकल शिक्षा व अनुसंधान और चुनाव मामलों के मंत्री डा. बलबीर सिंह ने कहा कि आम आदमी क्लीनिक के माध्यम से प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं में क्रांतिकारी बदलाव लाया गया है और अब सब डिविजन व जिला अस्पतालों में अधिक से अधिक सुविधाएं देकर यहां भी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया जाएगा। वे आज गढ़शंकर के नजदीकी गांव रुडक़ी खास में दौरे के दौरान पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे। जिले में पहली बार आने पर स्वास्थ्य मंत्री को पंजाब पुलिस की टुकड़ी की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस मौके पर एस.डी.एम. प्रीतइंदर सिंह बैंस, डी.एस.पी दलजीत सिंह खख भी मौजूद थे।

Advertisements

पंजाब में लागू होने जा रही है फरिश्ता स्कीम, सडक़ हादसे में घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले को दी जाएगी 2 हजार रुपए सम्मान राशी, घायल का भी पंजाब सरकार की ओर से सरकारी या प्राईवेट अस्पताल में करवाया जाएगा नि:शुल्क इलाज
स्वास्थ्य मंत्री ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि पंजाब सरकार ने लोक हितैषी बजट पेश किया है, जिसका हर वर्ग को लाभ पहुंचा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से पंजाब में अब तक 504 आम आदमी क्लीनिक स्थापित कर दिए गए हैं और मार्च के अंत तक 142 और आम आदमी क्लीनिक जनता को समर्पित कर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आम आदमी क्लीनिक खुलने से लोगों को काफी लाभ पहुंचा है क्योंकि यहां प्राथमिक जांच के अलावा लैब टैस्ट फ्री किए जाते हैं। इसके अलावा दवाईयां भी नि:शुल्क दी जा रही है।
डा. बलबीर सिंह ने कहा कि फरिश्ता स्कीम पंजाब में लागू होने जा रही है, जिसके अंतर्गत पंजाब का या पंजाब के बाहर का कोई भी व्यक्ति अगर सडक़ दुर्घटना में घायल होता है, तो घायल व्यक्ति को नजदीकी अस्पताल में पहुंचाने वाले व्यक्ति को पंजाब सरकार फरिश्ता मानते हुए उसे 2000 रुपए सम्मान राशी देगी और उससे किसी भी तरह की कोई पूछताछ नहीं की जाएगी। इसके अलावा घायल का इलाज नि:शुल्क किया जाएगा चाहे उसे प्राइवेट अस्पताल में ही क्यों न दाखिल करवाया गया है, सारा इलाज का खर्चा पंजाब सरकार वहन करेगी। उन्होंने कहा कि लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरुक करने के लिए सी.एम. की योगशाला शुरु की जाएगी। अस्पतालों में बुनियादी सुविधाओं के सवाल पर उन्होंने कहा कि अस्पतालों में स्टाफ की कमी को दूर करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में ज्यादा से ज्यादा भर्ती की जा रही है और लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए आई.एम. ए का सहयोग भी लिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं लोगों तक पहुंचाने के लिए रेशनलाइज व गैप एनलाइज कर पूरी व्यवस्था ठीक की जाएगी। इस दौरान उन्होंने एस.डी.एम. गढ़शंकर को गांव के स्कूल की रिपेयर, गांव के स्वास्थ्य सब सैंटर को आम आदमी क्लीनिक बनाने के लिए प्रस्ताव भेजने के लिए कहा। उन्होंने गांव की अन्य मांगों को भी जल्द करने का विश्वास दिलाया। इस दौरान गांव वासियों ने स्वास्थ्य मंत्री को ज्ञापन भी भेंट किया। इस मौके पर सुंदर सिंह, प्रितपाल सिंह सोढी के अलावा अन्य गांव वासी भी मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here