
होशियारपुर(द स्टैलर न्यूज़)। श्री ब्राह्मण सभा प्रगति की ओर से स्थानीय श्री शक्ति मंदिर में आयोजित किए गए श्री मद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ सप्ताह के विसर्जन के अवसर पर सभा सदस्यों और कथा के यजमानों की ओर से कथा के संपूर्ण पर देव पूजन विसर्जन और हवन यज्ञ किया गया। इस दौरान विद्वान पंडित सुरिंदर पाल माहिलपुर वालों और उनके सहयोगी पुरोहितों की ओर से सनातन रीति से पूजन कराया गया और यज्ञ किया गया।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सभा अध्यक्ष राम गोपाल शर्मा के साथ सदस्यों और कथा के यजमानों की ओर से आहुतियां दी गई और विश्व शांति एवं सबके लिए मंगलकामना के साथ यज्ञ किया गया। यज्ञ की पूर्णाहुति के उपरांत उपस्थित श्रद्धालुओं ने पवित्र यज्ञशाला की परिक्रमा कर यज्ञरूप प्रभु का आशीर्वाद प्राप्त किया। बाद में सदाव्रत भंडारा आयोजित किया गया।
जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर सभाध्यक्ष राम गोपाल शर्मा और सचिव अश्विनी शर्मा ने इस ज्ञान यज्ञ के सफल आयोजन के लिए सभी को बधाई दी और कहा कि श्री ब्राह्मण सभा प्रगति को क्षेत्र भर के श्रद्धालुओं की ओर से इस पुनीत कार्य को सफल बनाने के लिए तन, मन धन से को सहयोग दिया गया है उसके लिए वह सभी का धन्यवाद करते हैं। उन्होंने कहा कि श्री ब्राह्मण सभा प्रगति की ओर से ब्राह्मण समाज की एकजुटता और मजबूती के लिए कार्य करने के साथ-साथ धर्म प्रचार कार्यों और समाज कल्याण के विभिन्न क्रियाक्लापों का आयोजन लगातार किया जाता है जिसमें सभी का पूर्ण सहयोग मिलता है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे ही सहयोग की कामना के साथ समाज कल्याण कार्यों के प्रति सभा की वचनबद्धता दोहराई।












