
चंडीगढ़, (द स्टैलर न्यूज़)। मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार यह सुनिश्चित बनाने के लिए पूरी तरह वचनबद्ध है कि रबी के चल रहे मंडीकरण सीजऩ (आर.एम.एस.) के दौरान राज्य भर की मंडियों में किसानों को कोई मुश्किल पेश न आए।

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने यहाँ जारी एक बयान में कहा कि इसके सबूत के तौर पर 19,642 किसानों के बैंक खातों में 2,125 रुपए प्रति क्विंटल के न्युनतम समर्थन मूल्य पर 502.93 करोड़ की पूरी राशि एक ही दिन के अंदर जारी कर दी गई है। किसानों को न्युनतम समर्थन मूल्य पर अदायगियाँ करने समय पर कीमत पर कोई कटौती नहीं लगाई गई है। उन्होंने यह भी कहा कि आज 14 अप्रैल तक सरकारी खरीद एजेंसियों द्वारा 8 लाख मीट्रिक टन (एल.एम.टी.) गेहूँ की खरीद की जा चुकी है।
कटारूचक्क ने आगे कहा कि सभी मंडियों में निर्विघ्न खरीद कार्यों को सुनिश्चित बनाने के लिए सुचारू प्रबंध किए गए हैं और किसान भाईचारे द्वारा सख़्त मेहनत कर तैयार की गई फ़सल का एक-एक दाना खरीदने के निर्देश दिए गए हैं।











