
हमीरपुर(द स्टैलर न्यूज़) रिपोर्ट: रजनीश शर्मा। हमीरपुर जिला के काला अम्ब पंचायत के भारी गांव की डिप्रेशन की शिकार एक महिला ने पंखे से फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया है। मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम पंचायत काला अंब के भारी गांव की महिला कविता कुमारी 32 वर्ष पत्नी सनी कुमार ने बीते मंगलवार शाम को करीब 4:00 बजे घर में लगे पंखे से फंदा लगा लिया। जिससे उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कविता कुमारी स्थानीय प्राइमरी स्कूल में बतौर जलवाहक के पद पर कार्यरत थी। स्कूल से वापस आकर ज़ब वह अपने कमरे में से काफी देर तक बाहर नहीं निकली तो उसकी सास ने उसका आवाज लगाई।

परंतु उसने कोई उत्तर नहीं दिया। जिसके बाद जब उसकी सास उसके कमरे में गई तो वह पंखे से झूल रही थी। उसकी सास के चिल्लाने की आवाज को सुनकर आस-पड़ोस के लोग इकट्ठा हो गए। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना सदर पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और मौके पर उपस्थित लोगों के बयान दर्ज किये। बताते चलें कि मृतक कविता कुमारी पिछले कुछ अर्से से डिप्रेशन की दवाइयों का सेवन कर रही थी। वह अपने पीछे दो बच्चे और पति छोड़ गई है। मृतक का पति हमीरपुर में प्राइवेट नौकरी करता है। सदर पुलिस हमीरपुर में तैनात अन्वेषण अधिकारी एसआई देवराज ने बताया कि मृतक डिप्रेशन का शिकार थी और कुछ समय से उसका इलाज चल रहा था। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा कर शव को परिजनों के हवाले कर दिया है। सीआरपीसी 174 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।












