
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। कैबिनेट मंत्री पंजाब ब्रम शंकर जिंपा ने कहा कि युवाओं की तरक्की को लेकर पंजाब सरकार बहुत गंभीर है और समय-समय पर युवाओं से जुड़ी योजनाओं पर काम कर उन्हें बेहतर अवसर मुहैया करवाए जा रहे हैं। वे आज गांव जहानखेलां व गांव नंगल शहीदां में 66.50 लाख रुपए की लागत से बनने वाले स्टेडियमों का नींव पत्थर रखने के दौरान गांव वासियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने गांव के नौजवानों को अपील करते हुए कहा कि वे पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी रुचि दिखाएं क्योंकि पंजाब सरकार की ओर से नौजवानों के लिए रचनात्मक माहौल बनाया जा रहा है ताकि नौजवानों को शिक्षा व शारीरिक पक्ष से विकसित किया जा सके। उन्होंने कहा कि गांवों में बनाए गए खेल स्टेडियमों का उद्देश्य भी तंदुरु स्ती का संदेश देना है ताकि हर आयु का व्यक्ति व महिलाएं इन स्टेडियमों का लाभ ले सकें।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि गांव जहानखेलां में 22.77 लाख रुपए व गांव नंगल शहीदां में 43.73 लाख रुपए की लागत से स्टेडियमों का निर्माण करवाया जा रहा है, जो कि नौजवानों के लिए वरदान साबित होंगे। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि गांव वासी नशे के खिलाफ एकजुट हों, क्योंकि एकजुटता से ही नशे के कुष्ठ को जड़ से खत्म किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि गांव वासियों को सरकार की ओर से चलाई जा रही अलग-अलग योजाओं के बारे में जानकारी होनी बहुत जरु री है, क्योंकि जानकारी से ही इन योजनाओं का फायदा उठाया जा सकता है। उन्होंने गांव वासियों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि जहां विकास के पक्ष से कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी वहीं योग्य व्यक्ति को अलग-अलग योजनाओं के अंतर्गत दी जा रही सुविधाएं भी सुनिश्चित की जाएंगी। इस मौके पर सरपंच परमजीत कौर, बी.डी.पी.ओ सुखजिंदर सिंह, एस.डी.ओ अमरजीत सिंह, जे.ई गुरदीप सिंह, एडवोकेट अमरजोत सिंह सैनी, प्रितपाल, राजन सैनी, अवतार सिंह, अरुणदीप बेदी के अलावा अन्य गणमान्य भी मौजूद थे।













