
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। दिल्ली में देर रात पुलिस की स्पेशल सेल और कुछ बदमाशों के बीच मुठभेड़ होने का समाचार प्राप्त हुआ हैं। इस मुठभेड़ में गोली लगने से शूटर अजय उर्फ गोली की मौत हो गई। अजय पुर्तगाल में बैठे गैंगस्टर हिमांशु भाऊ का शूटर था। पुलिस ने बताया कि मारा गया अपराधी तिलक नगर शूटआउट में वांछित था। इस बीच अलीपुर में हुई मुठभेड़ में शूटर अभिषेक उर्फ चूरन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने बताया कि मृतक अजय उर्फ गोली हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला था। वह हिमांशु के भाई का बहुत करीबी था और उसके लिए शूटर के रूप में काम करता था। पुलिस की स्पेशल सेल ने अलीपुर में एक अलग मुठभेड़ में हिमांशु भाऊ के एक और शूटर चूरन को गिरफ्तार किया है। इस बदमाश का नाम अभिषेक उर्फ चूरन है। वह तिलक नगर गोलीकांड में भी वांछित था।
गौरतलब हैं कि 6 मई को दिल्ली के तिलक नगर में दो शूटरों ने 15 से ज्यादा गोलियां चलाईं थी। गनीमत रही कि इस गोलीबारी में किसी की मौत नहीं हुई। लेकिन शोरूम का शीशा टूटने से चार लोग घायल हो गये थे। पूछताछ के दौरान गैंगस्टर हिमांशु भाऊ का नाम सामने आया। फिलहाल जांच जारी हैं।











