
अमृतसर (द स्टैलर न्यूज़): सभी राजनीतिक दलों के प्रमुख नेताओं के नाम वर्ष 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले पिछले सभी रिकार्ड तोड़ते हुए दल बदल की बीमारी राजनीतिक क्षेत्र में फैली थी। लगभग सभी राजनीतिक पार्टियों ने दल बदलुओं को संसद के लिए उम्मीदवार बनाया। यह अच्छी बात है कि बहुत से दल बदलू हार गए। कोई विरला ही जीत पाया, लेकिन पंजाब में दल बदल कर चुनाव हारने वाले नेता को भी उसके राजनीतिक आकाओं ने केंद्र में महत्वपूर्ण पदों पर मंत्री बना दिया। मेरी जनता से और सरकार से एक अपील है कि सभी आवाज उठाएं। घर में किराएदार रखना हो, नौकर रखना हो या अपनी फर्म में कोई कर्मचारी नया नियुक्त करना हो तो सरकारें पुलिस विभाग बार बार यह आदेश देता है कि नए कर्मचारियों और किराएदारों की पुलिस वेरिफिकेशन करवाई जाए, पर जो दल बदलकर नेता दूसरी पार्टी में जाते हैं उनका पिछला रिकार्ड कोई नहीं देखता।

बहुत अच्छा हो कि अगर किसी भी नेता को अपनी पार्टी में लेने से पहले उनका पिछला रिकार्ड पुलिस द्वारा जांच करवाकर ही उन्हें अपनी पार्टी में लिया जाए। ऐसे राजनीतिक दलों की कठिनाई यह है कि इस हमाम में लगभग सभी एक जैसे हैं। आश्चर्य तो यह है कि आपराधिक छवि वाले दूसरी पार्टी के दल बदलू नेता को पहले तो स्वागत के साथ पार्टी में शामिल किया जाता है और फिर बड़ी धूमधाम से उन्हें विधानसभा या लोकसभा का उम्मीदवार बना लिया जाता है। पंजाब के उपचुनावों में भी अब ऐसा ही होने जा रहा है।












