
हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रजनीश शर्मा : विधानसभा क्षेत्र सदर से भाजपा प्रत्याशी आशीष शर्मा का चुनाव प्रचार जोर पकड़ गया है। चुनाव प्रचार के जत्थे ग्रामीण इलाकों में जाकर वोटरों को समझा रहे हैं कि आशीष शर्मा को इस्तीफा देने के लिए सीएम ने कैसे मजबूर किया। इस दौरान आशीष शर्मा ने ग्राम पंचायत बाड़ी फरनोल, धनेड और सेर बलोनी के गाँवों में नुक्कड़ सभाओं का आयोजन कर जन आशीर्वाद लिया। इस दौरान आशीष शर्मा ने कहा कि लोगों का भरपूर आशीर्वाद उन्हें मिल रहा है।

अबकी बार पहले से भी ज्यादा मतों से जीताकर जनता अपने बेटे को आशीर्वाद देगी और हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र की आत्मसम्मान की लड़ाई को जीतकर घटिया राजनीति पर उतारु कांग्रेस को जबाव देगी। आशीष ने कहा कि वह काम के लिए राजनीति में आए हैं, आराम करने और सत्ता सुख के लिए नहीं। लेकिन मुख्यमंत्री ने ना काम किये और न ही हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता के जनमत को उचित सम्मान दिया। जनता के चुने हुए प्रतिनिधियों को दरकिनार कर मित्रों को रेवड़ियाँ बांटी जा रही हैं। यह सरकार विकास तो क्या करवाएगी बल्कि चले हुए विकास कार्यों को रुकवाने व संस्थानों पर ताला लगाने का काम इस सरकार ने किया है। हिमकेयर कार्ड को बंद करा दिया गया है।
सरकार के पास अपने कार्य गिनाने को कुछ नहीं है इसलिए आरोप लगाकर जनता को बरगलाने की कोशिश की जा रही है। बीते दिन भी शिमला बुलाकर चुनाव प्रचार से भटकाने का काम किया गया। अब प्रताड़ित करने के नए नए तरीके खोज रहे हैं। समर्थकों के व्यावसायों पर वेबजह अधिकारिओं को भेजकर उन्हें डराया जा रहा है। लेकिन जनता इसका हिसाब चुनावों में करेगी।












