
हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रजनीश शर्मा। हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर ने होटल हमीर में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस पार्टी पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी के शीर्ष से लेकर निचले स्तर के नेताओं में झूठ बोलने की होड़ मची हुई है। ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार ने राज्य पर 25,000 करोड़ रुपये का भारी ऋण चढ़ा दिया है, जिससे राज्य का कुल कर्ज 95,000 करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने इस कर्ज को हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्यों में सबसे अधिक बताते हुए कांग्रेस पर वित्तीय प्रबंधन में नाकाम रहने का आरोप लगाया।

अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि इस सरकार ने अपने मित्रों को लाभ पहुंचाने के लिए भारी कर्ज लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास विकास कार्यों की कोई योजना नहीं है और उनकी प्राथमिकता केवल अपने मित्रों को फायदा पहुंचाना है। ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस की वर्तमान सरकार पिछले 18 महीनों में हमीरपुर में किसी भी महत्वपूर्ण विकास कार्य को पूरा नहीं कर पाई है, जिसे जनता के सामने गिनवाया जा सके।
भाजपा सांसद ने जोर देकर कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में हमीरपुर में कई विकास कार्य किए गए हैं। उन्होंने हमीरपुर मेडिकल कॉलेज का उदाहरण देते हुए बताया कि कांग्रेस सरकार ने पांच साल तक इस कॉलेज के लिए जमीन उपलब्ध नहीं करवाई थी, जबकि भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास किया और 2018-19 में शैक्षणिक सत्र शुरू करवा दिया। उन्होंने हमीरपुर मेडिकल कॉलेज को भाजपा सरकार की बड़ी उपलब्धियों में से एक बताया और कांग्रेस सरकार की नाकामी को उजागर किया।












