Thursday, October 22, 2026
Home Latest हमलावर ने की पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश तो पुलिस फायरिंग...

हमलावर ने की पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश तो पुलिस फायरिंग में हुआ घायल, दो हथियार बरामद

चंडीगढ़/जालंधर, (द स्टैलर न्यूज़)। मुख्य मंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर संगठित अपराध के खिलाफ शुरू युद्ध के अंतर्गत काउंटर इंटेलिजेंस (सी.आई) जालंधर की ओर से एक बड़ी कार्रवाई करते हुए, बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बी.के.आई) के सदस्य सिमरनजीत सिंह उर्फ बबलू-जो कि पूर्व आतंकवादी रतनदीप सिंह, हत्या के मामले में मुख्य हमलावर है, जालंधर शहर के बाहरी इलाके में पुलिस हिरासत से भागने की असफल कोशिश के दौरान, दोनों पैरों में गोलियां लगने से घायल हो गया। मिली जानकारी के मुताबिक, पूर्व आतंकी रतनदीप सिंह की 3 अप्रैल 2024 को एसबीएस नगर में दो बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।

Advertisements

 इस संबंध में जानकारी देते हुए डीजीपी पंजाब गौरव यादव ने सोमवार को यहां बताया कि उक्त आरोपी की गिरफ्तारी के कुछ ही घंटे बाद ही जब काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर की टीम आरोपी सिमरनजीत बबलू को उसके खुलासे के मुताबिक बताए गए स्थान पर रतनदीप हत्याकांड में इस्तेमाल की गई पिस्तौल बरामद करने ले जा रही थी, तब उसने पुलिस पर हमला कर दिया और भागने की कोशिश की। डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि आरोपी को रोकने के लिए पुलिस टीमों को फायरिंग करनी पड़ी तो आरोपी घायल हो गया और उसका नजदीकी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

 पुलिस टीमों ने आरोपियों के पास से 2 आधुनिक हथियार- एक .32 वेब्ले रिवॉल्वर और एक .32 पिस्तौल के साथ एक मैगजीन और 19 जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी सिमरनजीत बबलू पाकिस्तान स्थित आतंकवादी हरविंदर रिंदा और अमेरिका स्थित गोपी नवांशहर के निर्देशों पर काम कर रहा था और उनके कहने पर ही अपने दूसरे साथी हमलावर, जिसकी पहचान जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सी कुलाम के रूप में हुई है, ने समाज में दहशत फैलाने के लिए पूर्व उग्रवादी रतनदीप सिंह की टारगेट कर हत्या की थी। जानकारी के मुताबिक आरोपी जस्सी कुलाम वारदात को अंजाम देने के बाद विदेश भागने में कामयाब हो गया था।

 उन्होंने कहा कि पुलिस ने आर्म्स एक्ट और आपराधिक साजिश की धाराओं को शामिल किया हैं और मामले में अगले-पिछले संबंध स्थापित करने के लिए आगे की जांच जारी है। ऑपरेशन का विवरण साझा करते हुए एआईजी काउंटर-इंटेलिजेंस नवजोत सिंह माहल ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर सीआई जालंधर की पुलिस टीमों ने देयोल नगर कॉलोनी, जालंधर के इलाके में एक विशेष चौकी स्थापित की और आरोपी सिमरनजीत सिंह उर्फ बबलू को पकड़ने में सफलता हासिल की।

 उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी एक दुर्दांत अपराधी है और उसके खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास और आर्म्स एक्ट से संबंधित कई मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी बबलू अमृतसर पुलिस के एक एएसआई की हत्या में भी शामिल है। इस संबंध में एफआईआर नं.  39 तिथि 07.07.2024 को पुलिस स्टेशन स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल अमृतसर में आर्म्स एक्ट की धारा 25, और भारतीय न्यायिक संहिता की धारा 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here