Tuesday, October 13, 2026
Home Chandigarh ‘आप’ का भाजपा की तानाशाही के खिलाफ विरोध प्रदर्शन, केजरीवाल की तत्काल...

‘आप’ का भाजपा की तानाशाही के खिलाफ विरोध प्रदर्शन, केजरीवाल की तत्काल रिहाई की मांग

चंडीगढ़ (द स्टैलर न्यूज़)। आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब ने केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर अरविंद केजरीवाल को जेल में रखने के खिलाफ राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन किया। आप नेताओं ने कहा कि अरविंद केजरीवाल एक राजनीतिक कैदी हैं। एजेंसियों के पास अरविंद केजरीवाल या किसी भी आप नेता के खिलाफ घोटाले का कोई सबूत नहीं है, लेकिन वे उन्हें जेल में डाले हुए हैं।

Advertisements

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी और उनके साथ लगातार हो रहे दुर्व्यवहार के खिलाफ मोहाली के गुरुद्वारा श्री अंब साहिब के पास आयोजित राज्य स्तरीय विरोध प्रदर्शन में हजारों लोग एकत्र हुए। इस विरोध प्रदर्शन में आप के कैबिनेट मंत्री, विधायक, पार्टी के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। आप पंजाब के महासचिव हरचंद सिंह बरसट ने मंच की अध्यक्षता की। उन्होंने अरविंद केजरीवाल के खिलाफ केन्द्रीय एजेंसियों के असंवैधानिक और अलोकतांत्रिक कार्यों के लिए मोदी सरकार की कड़ी आलोचना की।

बीजेपी जानती है कि केवल अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी ही उनसे मुकाबला कर सकती है, इसलिए उन्हें जेल में रखा गया है क्योंकि वे डरे हुए हैं: मंत्री ब्रह्म शंकर जिम्पा

विरोध प्रदर्शन के दौरान सभा को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री ब्रह्म शंकर जिम्पा ने कहा कि ईडी और सीबीआई का खुलेआम दुरुपयोग किया जा रहा है। गुजरात चुनाव के बाद बीजेपी को समझ आ गया था कि अगर उन्हें कोई कड़ी टक्कर दे सकता है तो वो है अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली और पंजाब में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में क्रांतिकारी काम किया है। यह बात पूरे देश में फैल रही थी इसलिए बीजेपी आप नेताओं को झूठे मुकदमे में फंसाकर गिरफ्तार करना शुरू कर दिया, लेकिन सत्य कभी डरता नहीं और सत्य को अधिक समय तक दबाया भी नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि इस मामले के गवाहों ने सीधे तौर पर बीजेपी को पैसा दिया है।अरविंद केजरीवाल को सेशन कोर्ट से जमानत मिल गई थी, फिर सुप्रीम कोर्ट भी जमानत देने वाली थी तभी सीबीआई ने उन्हें गलत तरीके से गिरफ्तार कर लिया।

भाजपा का मकसद किसी भी तरह अरविंद केजरीवाल को जेल में रखना है : मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर

मंत्री लालजी सिंह भुल्लर ने कहा कि आज हम सभी अपने प्रिय नेता अरविंद केजरीवाल के समर्थन में इकट्ठा हुए हैं। दिल्ली में केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग के विरोध में इंडिया गठबंधन विरोध प्रदर्शन कर रहा है। पहले तो ईडी ने झूठे केस में अरविंद केजरीवाल को जेल में डाल दिया और जब मोदी और अमित शाह को पता चला कि उन्हें जमानत मिल गई है, तो सीबीआई ने दूसरा केस दर्ज कर अरविंद केजरीवाल की जमानत रोक दी। अगर कोई घोटाला हुआ होता तो एजेंसियों को कुछ पैसा या मनी ट्रेल मिल जाता, लेकिन एजेंसियों को एक रुपया भी नहीं मिला क्योंकि कोई भ्रष्टाचार या घोटाला हुआ ही नहीं।

भुल्लर ने कहा कि पहले झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को गिरफ्तार किया गया, फिर दिल्ली के वर्तमान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया गया। उन्हें गिरफ्तार करने का कारण यह था कि बीजेपी को पता था कि अगर अरविंद केजरीवाल प्रचार करते रहे तो देश में इंडिया अलायंस की सरकार बननी तय है। पहले भाजपा वाले 400 पार का नारा देते थे, लेकिन उनकी पार्टी को 240 सीटें ही मिलीं। अगर केजरीवाल ने प्रचार किया होता तो वे 140 सीटें भी नहीं जीत पाते।

अरविंद केजरीवाल एक विचार हैं, उन्हें रोकने के लिए भाजपा ने उन्हें जेल में डाल दिया: मंत्री बलकार सिंह

मंत्री बलकार सिंह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने जनता के लिए अपना सब कुछ बलिदान कर दिया। इसलिए आज देश में अरविंद केजरीवाल की पहचान है। उन्होंने कहा केजरीवाल एक विचार हैं। उनसे भाजपा डरती है, इसलिए उन्होंने उन्हें रोकने के लिए उनके खिलाफ झूठा मामला दर्ज किया और जेल में बंद कर दिया। यह बहुत निंदनीय है।

सच्चाई की हमेशा जीत होती है, जनता आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल के साथ है: मंत्री लालचंद कटारूचक

मंत्री लालचंद कटारूचक ने कहा कि अंतत: जनता की शक्ति और सत्य की ही जीत होती है। उन्होंने कहा कि बाबर, जनरल डायर आदि जैसे कई लोगों ने क्रांतिकारी लोगों को रोकने की कोशिश की लेकिन उनमें से कोई भी सफल नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि जनता अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के साथ है। लोग लोकतंत्र और संविधान के खिलाफ काम करने वाले भाजपा को सबक सिखाएंगे।

भाजपा को लोकतंत्र और संविधान के खिलाफ कामों का परिणाम भुगतना पड़ेगा, : मंत्री गुरुमीत सिंह खुड्डियां

मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने कहा कि यह पहली बार है कि किसी राजनीतिक पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और किसी राज्य के वर्तमान मुख्यमंत्री को बिना किसी सबूत के जेल में डाला गया है। बीजेपी को डर है कि आने वाले कई राज्यों के चुनावों में अगर अरविंद केजरीवाल बाहर आकर प्रचार करेंगे तो बीजेपी के सभी उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो जाएगी। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल के स्वास्थ्य में हर दिन गिरावट आ रही है, लेकिन फिर भी उन्हें आवश्यक चिकित्सा देखभाल के बिना जेल में रखा गया है। ये सारी बातें साबित करती हैं कि अगर नरेंद्र मोदी को कोई हरा सकता है तो वो हैं अरविंद केजरीवाल। उन्होंने कहा कि भारत की जनता 2029 में अरविंद केजरीवाल को भारत के प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहती है। जल्द ही अरविंद केजरीवाल भाजपा को देश की सत्ता से बाहर करेंगे।

भाजपा एक वर्तमान मुख्यमंत्री को बिना किसी सबूत के जेल में रखी हुई है, जनता  उनके अत्याचारों का जवाब देगी : मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ

मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि भाजपा राजनीतिक हिसाब बराबर करने के लिए असंवैधानिक गतिविधियों का सहारा ले रही है। वे अरविंद केजरीवाल को चुनाव में नहीं हरा सकी इसलिए उन्हें चुनाव प्रचार करने से रोकने के लिए जेल में डाल दिया। उन्होंने कहा कि जनता अरविंद केजरीवाल के खिलाफ अत्याचार के लिए भाजपा को आगामी चुनावों में करारा जवाब देगी। उन्होंने कहा कि वह एक राष्ट्रीय राजनीतिक दल के राष्ट्रीय संयोजक हैं, उन्हें बिना किसी सबूत के उन्हें जेल में रखना अलोकतांत्रिक है।

भाजपा लोकतंत्र के खिलाफ काम कर रही है, वे किसी भी कीमत पर अरविंद केजरीवाल को रोकना चाहते हैं: प्रिंसिपल बुध राम

आप पंजाब के कार्यकारी अध्यक्ष प्रिंसिपल बुध राम ने उपस्थित लोगों को संबोधित किया और कहा कि भाजपा संविधान और लोकतंत्र के खिलाफ काम कर रही है। वे किसी भी कीमत पर अरविंद केजरीवाल को रोकना चाहते हैं। उन्हें रोकने के लिए देश की केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। बुध राम ने केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करने के लिए भाजपा की कड़ी निंदा की और अरविंद केजरीवाल की तुरंत रिहाई की मांग की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here