
मुंबई (द स्टैलर न्यूज़)। मुंबई में शिक्षक द्वारा कोचिंग क्लास में एक नाबालिग छात्रा का यौन उत्पीड़न करने का मामला सामने आय़ा है। इसकी सूचना मिलने पर लोगों ने आरोपी शिक्षक की जमकर पिटाई की। यह घटना विरार पूर्व के मनवेल पाड़ा में घटी। गुस्साए लोगों द्वारा की गई पिटाई में आरोपी शिक्षक प्रमोद मौर्या गंभीर रूप से घायल हो गया है। बताया जा रहा है कि विरार पूर्व के मनवेल पाड़ा स्थित सह्याद्री नगर में प्रमोद मौर्या एक निजी कोचिंग क्लास चलाता है। इसमें सातवीं में पढ़ने वाली 13 वर्षीय लड़की का पिछले हफ्ते शिक्षक द्वारा यौन उत्पीड़न किया गया था इसलिए वह डर के कारण दो दिन क्लास नहीं गई।

बताया जा रहा है कि इस शिक्षक ने पहले भी 3-4 लड़कियों का इसी तरह यौन उत्पीड़न किया है लेकिन अन्य लड़कियां डरती हैं। कोचंग क्लास नहीं जाने पर जब लड़की के माता-पिता ने उससे पूछताछ की, तब उसने यह घटना बताई। इसके बाद माता-पिता और इलाके के गुस्साए लोग क्लास में गए और शिक्षक प्रमोद मौर्या को बुरी तरह से पीटते हुए सड़क पर जुलूस निकाला। पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विजय पवार ने कहा कि लोगों ने आरोपी को हमारी हिरासत में दिया है। उन्होंने बताया कि जांच जारी है।











