
मुंबई (द स्टैलर न्यूज़)। मुंबई के कुर्ला इलाके में आज सुबह 13 मंजिला आवासीय इमारत के बिजली के डक्ट में आग लगने की खबर सामने आई है। इस घटना में 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल हो गए। यह जानकारी नगर निगम के अधिकारियों ने दी। अधिकारियों के अनुसार आग सुबह करीब 6:53 बजे कुर्ला पश्चिम स्थित कोहिनूर एचडीआईएल बिल्डिंग नंबर 5 में लगी। आग बिजली के तारों और डक्ट में फैल गई। दमकल कर्मियों ने सुबह 7:21 बजे तक आग पर काबू पा लिया।

नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि इमारत में धुआं भर जाने से 8 लोगों को दम घुटने की शिकायत हुई। वहीं, एक व्यक्ति के दाहिने पैर में चोट आई है। घायलों में 5 साल का एक बच्चा, 2 किशोरियां और एक बुजुर्ग भी शामिल हैं। सभी को राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद मुंबई अग्निशमन दल, पुलिस, बिजली कंपनी, 108 एंबुलेंस सेवा और वार्ड के कर्मचारियों को मदद के लिए तैनात किया गया। अधिकारियों के अनुसार, आग लगने के कारणों और इससे हुए नुकसान का अभी पता नहीं चल पाया है।











