
उत्तर प्रदेश(द स्टैलर न्यूज़)। समय बदल गया लेकन जात-पात को लेकर आज भी भेदभाव किया जा रहा है, ऐसी ही घटना एक उत्तर प्रदेश में हुई है। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में काली मंदिर में रहने और पूजा करने को लेकर एक दलित व्यक्ति के साथ कथित तौर पर मारपीट और जातिसूचक अपशब्द कहने का मामला सामने आया है। आरोप है कि 2 लोगों ने व्यक्ति की पिटाई करने के बाद उसे मंदिर के अंदर बंद कर दिया और जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मामला रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के सरदासपुर गांव का है। गांव निवासी नगीना राम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह काली मंदिर में रहते हैं और वहां पूजा करते हैं। आरोप है कि बीती कल शाम इसी बात को लेकर विशाल सिंह और अंकित सिंह ने उनके साथ गाली-गलौज की। इस दौरान जातिसूचक अपशब्द कहने और मारपीट करने का भी आरोप लगाया गया है।
नगीना राम की शिकायत के अनुसार, जब पास के खेत में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने मंदिर के गेट पर ताला लगा दिया और उन्हें अंदर बंद कर दिया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि इसके बाद दोनों आरोपी नगीना राम के घर पहुंचे और उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने बताया कि नगीना राम की तहरीर पर रविवार देर रात विशाल सिंह और अंकित सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।












