
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़), संदीप डोगरा। एक अध्यापक के लिए इससे बड़ा पुरस्कार या सम्मान कोई नहीं होता कि उसे शिक्षक दिवस के मौके पर प्रदेश या राष्ट्र स्तर पर पुरस्कृत किया जाए। शिक्षक दिवस के मौके पर होशियारपुर में अध्यापकों को सम्मानित करने के लिए प्रदेश स्तरीय समारोह के दौरान सम्मानित होने वाले अध्यापकों को खुशी थी कि उन्हें मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के हाथों सम्मान लेने का मौका मिलेगा और उनके साथ होने वाली ग्रुप फोटो भी उनके लिए यादगार के रुप में रहेगी। लेकिन थोड़े-थोड़े अध्यापकों के ग्रुप के साथ सीएम की तस्वीर तो हुई, लेकिन सभी का हाल के बाहर होने वाला ग्रुप फोटो बारिश के कारण नहीं हो पाया।

इसके अलावा कुछेक अध्यापकों एवं अधिकारियों को अवार्ड देने के बाद सीएम ने सांकेतिक अवार्ड प्रदान करने की अलग-अलग ग्रुपों के साथ फोटो करवाई और उन्हें शिक्षक दिवस की बधाई देते हुए अपना कर्तव्य और भी मेहनत एवं ईमानदारी से निभाने का आह्वान किया। सम्मानित होने वाले अध्यापक, जिन्हें सीएम व शिक्षा मंत्री के हाथों सम्मानित होने का अवसर नहीं मिला तथा ग्रुप फोटो ही उनके लिए यादगार के रुप में रहेगी। सीएम के जाने के बाद शेष रहते अध्यापकों को मौके पर मौजूद अधिकारियों द्वारा अवार्ड दिए गए तथा ऐसा लग रहा था कि वहां अवार्ड नहीं रेवड़ियां बांटी जा रहीं हों और हरेक सम्मानित अध्यापक अपने प्रमाणपत्र, लोई व मैडल के साथ अपनी अलग से फोटो करवाकर उसे अपनी यादों में संजोये रखने के प्रयास में रहा, लेकिन उनकी आंखों में सीएम व शिक्षा मंत्री के हाथों अवार्ड न मिलने का मलाल साफ झलक रहा था।












