
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। होशियारपुर टांडा मार्ग पर पड़ते गांव तलवंडी रईयां के निवासियों पर कुछ लोगों द्वारा गोली चलाए जाने का मामला सामने आया है। इस गोलीबारी में दो लोगों की मोत एवं दो बच्चों के घायल होने का समाचार है। पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जांच शुरु कर दी थी। जानकारी अनुसार अमरजीत पुत्र कश्मीरी लाल तथा कश्मीरी लाल भाई सुखजीत सिंह के बेटा होने की खुशी में चक्कोवाल अस्पताल गए थे तथा जब वह बाहर पहुंचे तो कुछ लोगों ने उन पर गोलियां चला दी।

इस गोलीबारी में अमरजीत (37) तथा उसके पिता कश्मीरी लाल (60) की मौके पर मौत हो गई तथा सुखजीत सिंह के 3 साल के बेटे शिवम व मृतक के बेटे गुणराज को भी गोली लगी है व वह गंभीर रुप से घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि 3 साल पहले उक्त लोगों ने हमलावरों के खिलाफ नशे का कारोबार करने एवं गैरकानूनी हथियार रखने की शिकायत दी थी तथा इसी रंजिश में हमलावरों ने उन पर गोलियां चलाकर मौत के घाट उतार दिया तथा बच्चों को गंभीर रुप से घायल कर दिया।
गोलीबारी की सूचना मिलते ही सारा गांव जहां अस्पताल पहुंच गया था वहीं पुलिस विभाग के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस अधिकारी ने कहा कि मामले की जांच कर रहे हैं तथा हमलावरों का अपराधिक रिकार्ड है व आरोपी जल्द ही पकड़ लिए जाएंगे।












