Wednesday, October 14, 2026
Home Himachal टौणी देवी में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स स्थापना दिवस पर सेवा और...

टौणी देवी में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स स्थापना दिवस पर सेवा और जागरूकता अभियान

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रजनीश शर्मा। स्काउटिंग, छात्रों को सेवा और परोपकार को परम धर्म मानकर जीवन में आगे बढ़ने की सीख देती है। इसका उद्देश्य न केवल विद्यार्थी के सर्वांगीण विकास में सहायक होता है, बल्कि राष्ट्र और समाज को भी सुदृढ़ बनाता है। यह एक स्वयंसेवी, गैर-राजनीतिक, शैक्षिक आंदोलन है, जो हर युवक और युवती को मानवता की सेवा का अवसर प्रदान करता है। स्काउटिंग आंदोलन की शुरुआत 1907 में रॉबर्ट स्टीफेंसन स्मिथ बेडेन-पॉवेल ने की थी। भारत में इसका आगमन 1909 में हुआ और 7 नवंबर 1950 को विभिन्न संगठनों का एकीकरण कर इसे “भारत स्काउट और गाइड” के नाम से स्थापित किया गया। इसी कड़ी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टौणी देवी में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स का स्थापना दिवस बड़े ही उत्साह और धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य रजनीश रांगड़ा ने स्काउट्स एवं गाइड्स स्थापना दिवस के महत्त्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि 7 नवंबर का दिन क्यों विशेष होता है और भारत स्काउट्स एवं गाइड्स संगठन की स्थापना का उद्देश्य सेवा, चरित्र निर्माण, और अनुशासन के साथ साथ  समाज में सेवा और सहयोग की भावना को बढ़ावा देना है। इस अवसर पर बच्चों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी तरह से समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया।

Advertisements

क्यूंकि इसके माध्यम से  केवल स्वयं का विकास करना ही नहीं है, बल्कि यह समाज को जागरूक और समर्थ बनाने का भी है। उन्होंने सभी छात्रों से अनुरोध किया कि वे अपनी प्रतिज्ञा को सच्चे मन से निभाएं और देश, समाज एवं पर्यावरण की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहें। इस अवसर पर स्थानीय बाजार में एक रैली का आयोजन किया गया, जिसमें सभी स्काउट्स एवं गाइड्स ने हिस्सा लिया। इस दौरान स्काउट्स एवं गाइड्स ने अध्यापकों, बच्चों एवं समाज के लोगों से फंड भी इकट्ठा किया, जिससे गरीब बच्चों के लिए कापियाँ, पेन और अन्य आवश्यक शैक्षिक सामग्री वितरित की जाएगी । इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों में सेवा और परोपकार की भावना को जागृत करना था, ताकि वे भविष्य में समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझें और उनका निर्वहन करें। विद्यालय के स्काउट मास्टर सतीश राणा और गाइड कैप्टन कुसुम लता ने भी इस अवसर पर बच्चों को प्रेरित किया।

उन्होंने बताया कि सभी बच्चों के कठिन परिश्रम और उनकी सेवा भावना का परिणाम है कि पिछले छह महीने में “निश्चय” प्रोजेक्ट के अंतर्गत नशामुक्ति अभियान सफल रहा  इस अभियान का उद्देश्य समाज के लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना था। इसके माध्यम से बच्चों ने कई गांवों में जाकर लोगों को नशामुक्ति का संदेश दिया और जागरूकता रैली निकाली। इस अवसर पर सभी बच्चों ने स्काउट्स की शपथ ली, जिसमें उन्होंने ईश्वर, अपने देश और अपने कर्तव्यों के प्रति निष्ठा रखने की प्रतिज्ञा की। बच्चों ने इस शपथ को आत्मसात किया और इसे अपने जीवन में उतारने का संकल्प लिया। इस आयोजन ने न केवल बच्चों के जीवन में एक सकारात्मक बदलाव लाया बल्कि समाज के लोगों को भी प्रेरित किया कि वे भी समाज सेवा में अपना योगदान दें। स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा किया गया यह सेवा कार्य समाज में एक उदाहरण प्रस्तुत करता है और उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव रखता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here