Sunday, October 11, 2026
Home Himachal टौणी देवी में संविधान दिवस पर उत्साहपूर्ण आयोजन

टौणी देवी में संविधान दिवस पर उत्साहपूर्ण आयोजन

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रजनीश शर्मा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टौणी देवी में संविधान दिवस बड़े उत्साह और गर्व के साथ मनाया गया। यह विशेष अवसर भारतीय संविधान को सम्मान देने और इसके महत्व को समझाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत भारतीय संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक पठन से हुई। इसमें एनएसएस स्वयंसेवकों, स्काउट्स गाइड्स, सभी छात्रों, शिक्षकों और अन्य स्टाफ सदस्यों ने भाग लिया। इस सामूहिक पठन का उद्देश्य संविधान के आदर्शों और सिद्धांतों के प्रति सम्मान और जागरूकता बढ़ाना था। प्रधानाचार्य रजनीश रांगड़ा ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में भारतीय संविधान की विशेषताओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि हमारा संविधान न केवल दुनिया का सबसे लंबा लिखित संविधान है, बल्कि यह समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व जैसे मूल सिद्धांतों पर आधारित है। उन्होंने छात्रों को संविधान के प्रति अपने कर्तव्यों और अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। चुनावी साक्षरता क्लब के नोडल अधिकारी सोनू गुलेरिया ने संविधान के विभिन्न अनुच्छेदों और उनमें निहित मूल्यों की व्याख्या की। उन्होंने बच्चों को बताया कि कैसे भारतीय संविधान हमारे देश को एकता और अखंडता के सूत्र में बांधता है।

Advertisements

साथ ही, उन्होंने छात्रों को संविधान में दिए गए अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का पालन करने के महत्व को समझाया। इस अवसर पर तन्वी द्वारा संविधान के आदर्शों और सिद्धांतों के प्रति जागरूकता फैलाने हेतु सभी उपस्थित लोगों से शपथ दिलवाई जिसमें  संविधान की रक्षा करने, इसके सिद्धांतों का पालन करने और देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया गया। कक्षा +2 की छात्रा सानिया ने संविधान पर अपने विचार साझा करते हुए छात्रों को प्रेरित किया। उन्होंने सभी से अपील की कि वे संविधान में निहित मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करें। उनकी बातों ने छात्रों और उपस्थित लोगों के मन में संविधान के प्रति सम्मान और प्रेरणा की भावना को प्रबल किया।इस कार्यक्रम ने न केवल छात्रों को संविधान की गहराई और इसके महत्व को समझने का अवसर प्रदान किया, बल्कि यह देश के प्रति अपने कर्तव्यों को स्मरण कराने का माध्यम भी बना। संविधान दिवस का यह आयोजन स्कूल के लिए एक ऐतिहासिक क्षण साबित हुआ, जिसने विद्यार्थियों में देशभक्ति और संवैधानिक मूल्यों के प्रति समर्पण का बीज बो दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here