
हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रजनीश शर्मा। सुजानपुर शहर में शनिवार सुबह निगम प्रबंधन की बस की ब्रेक फेल होने के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गई बस में 30 सवारियां थीं। बस सुबह 7:10 से धैल से चलती है और सुजानपुर 9:00 पहुंचती है। यह बस नागलम्बर धेल से सुजानपुर आ रही थी और सुजानपुर बस स्टैंड से करीब 100 मीटर पहले मुख्य मार्ग पर हादसे का शिकार हो गई। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, बस टीहरा की तरफ से सुजानपुर बस स्टैंड की ओर बढ़ रही थी। ढांगू मोड़ के पास उतराई पर बस का ब्रेक फेल हो गया। इस दौरान, सामने से आ रहे एक ट्रक को पास देने की कोशिश में बस अनियंत्रित होकर एक मकान से टकरा गई।

दुर्घटना में गनीमत रही कि चालक, परिचालक और सभी यात्री सुरक्षित हैं। हालांकि, मकान मालिक को भारी नुकसान हुआ है। यह बस सुजानपुर से हमीरपुर जानी थी लेकिन हादसे के कारण अपनी यात्रा पूरी नहीं कर पाई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। सुजानपुर थाना प्रभारी राकेश धीमान ने बताया कि निगम प्रबंधन की बस दुर्घटनाग्रस्त हुई है, लेकिन किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारू करते हुए स्थिति को नियंत्रण में लिया।












