Sunday, October 11, 2026
Home Education सेफर इंटरनेट डे पर स्कूल ऑफ एमिनेंस पुरहीरां में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

सेफर इंटरनेट डे पर स्कूल ऑफ एमिनेंस पुरहीरां में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। स्कूल ऑफ एमिनेंस, सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पुरहीरां में राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एन.आई.सी) की ओर से सेफर इंटरनेट डे पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को इंटरनेट के सुरक्षित और जिम्मेदाराना उपयोग के प्रति जागरूक करना था।

Advertisements

इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट रोलआउट मैनेजर जसप्रीत सिंहऔर नेटवर्क इंजीनियर राजनदीपसिंह सोहल ने छात्रों को साइबर सुरक्षा के महत्व, साइबर हाइजीन, और सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के तरीकों पर विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी (से.) ललिता अरोड़ा ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई और बच्चों को डिजिटल दुनिया में सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया।

जसप्रीत सिंह ने छात्रों के साथ इंटरनेट सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं जैसे कि मजबूत पासवर्ड का उपयोग, डेटा प्राइवेसी, ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव, और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर सतर्कता बनाए रखने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि भारत में इंटरनेट उपयोगकर्ताओं की संख्या में तेजी से वृद्धि हो रही है, विशेषकर टियर-I, टियर-II, टियर-III शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में। इस डिजिटल विकास के साथ ही साइबर खतरों में भी काफी बढ़ोतरी हुई है। इसलिए, इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग और साइबर सुरक्षा उपायों को अपनाना अनिवार्य हो गया है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष सेफर इंटरनेट डे की थीम है – “टूगैदर फार ए बैटर इंटरनेट”, जिसे वैश्विक स्तर पर हर साल फरवरी के दूसरे मंगलवार को मनाया जाता है। इस पहल के तहत इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की ओर से सूचना सुरक्षा शिक्षा और जागरूकता (आईएसईए) परियोजना के अंतर्गत एक राष्ट्रव्यापी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

कार्यक्रम के अंत में, छात्रों को साइबर सुरक्षा से संबंधित क्विज़ और इंटरैक्टिव सेशंस के माध्यम से भागीदारी का अवसर प्रदान किया गया। इस जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य भविष्य के डिजिटल नागरिकों को साइबर खतरों के प्रति सजग बनाना और जिम्मेदारी के साथ इंटरनेट का उपयोग करना सिखाना है। इस मौके पर गाईडेंस काउंसलर राकेश फूल, प्रिंसिपल रमनदीप कौर, वाइस प्रिंसिपल प्रीति सैनी, लेक्चरर कार्मस हरजिंदर सिंह, वोकेशनल अध्यापक हरजिंदर सिंह, कंप्यूटर अध्यापक परवीन कुमार व नरिंदर कुमार भी मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here