Sunday, October 18, 2026
Home Crime थोड़ी सी जो पी ली हैः कथित नशे की हालत में रेलवे...

थोड़ी सी जो पी ली हैः कथित नशे की हालत में रेलवे पुलिसकर्मी ने पूर्व कर्मी से किया दुरुव्यवहार, जमकर हुआ हंगामा

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। गत रात्रि रेलवे स्टेशन पर जमकर हंगामा हुआ। हंगामे का कारण था कि आरपीएफ मुलाजिम द्वारा कथित तौर पर नशे की हालत में धुत्त होकर एक पूर्व कर्मी के साथ बदसलूकी करना और उन्हें भला बुरा कहना। इस बात का पता चलते ही जालंधर से आला अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर मामले को सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन उनके द्वारा रोषित लोगों को टिकट ब्लैक संबंधी नियम समझाए जाने के कारण मामला उलझ गया और प्रदर्शन करके रोष जता रहे लोगों का गुस्सा और भड़क गया। जिसके बाद पूर्व केन्द्रीय राज्य मंत्री विजय सांपला को मौके पर पहुंचना पड़ा और उनके आने के बाद अधिकारी के सुर बदले और उन्होंने कार्यवाही की बात कहते हुए कथित आरोपी कर्मचारी का मैडीकल करवाने की बात कही।

Advertisements

जानकारी अनुसार रेलवे विभाग से सेवानिवृत्त हुए जीवन कुमार ने बताया कि वह प्रयागराज जाने के लिए सायं करीब साढे सात बजे तत्काल में टिकट करवाने के लिए स्टेशन पर आए थे। इसी दौरान वहां पर मौजूद रेलवे पुलिस के एक कर्मचारी, जोकि कथित तौर पर बुरी तरह से नशे की हालत में था ने उनके साथ बदतमीजी करनी शुरु कर दी और उन्हें कहा कि वह टिकट ब्लैकमेल करते हैं और वह उनके खिलाफ कार्यवाही करेगा। इसके अलावा उसने उन्हें धक्के आदि भी दिए। उन्होंने बताया कि उनके एक हाथ में थोड़ी समस्या होने के कारण वह शारीरिक तौर पर अक्षम हैं और इसके बावजूद कर्मचारी ने उनके साथ दुरुव्यवहार जारी रखा। वह इतने घबरा गए कि वह वहां से अपने घर चले गए। घर जाकर जब उन्होंने इसकी जानकारी यूथ सिटीजन कौंसिल के प्रदेश अध्यक्ष डा. रमन घई व अपने परिजनों को दी तो उन्होंने इस संबंधी स्टेशन मास्टर से शिकायत का मन बनाया और वह शिकायत देने के लिए स्टेशन पर आ गए।

डा. रमन घई ने बताया कि जीवन कुमार ने 36 साल स्टेशन पर नौकरी की है और उनके दामन पर एक भी दाग नहीं हैं तथा आज भी लोग उनकी सेवाओं को याद करते हैं। यहां तक कि उन्होंने टिकट के मामले में अपने परिवार को भी स्पेयर नहीं किया तथा नियमों के तहत काम किया। इसलिए उनके साथ ऐसा व्यवहार किया जाना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि इस संबंधी कार्यवाही हेतु जब उन्होंने रेलवे पुलिस के आला अधिकारियों के साथ बात की तो जालंधर से एक अधिकारी मामले में कार्यवाही हेतु यहां आए। लेकिन उनका व्यवहार अपने कर्मचारी को बचाने वाला रहा। जिस कारण मामला भड़क गया।

मौके पर हमारी टीम ने पाया कि कथित तौर पर नशे में धुत्त रेलवे पुलिस कर्मी एक कमरे में बंद था और वह शौचालय में छुपा हुआ था। देखा गया कि वह कभी शौचायल के भीतर जाता और कभी बाहर आ जाता। उससे ठीक से खड़ा भी नहीं होया जा रहा था तथा बोला तक नहीं जा रहा था। काफी देर तक चली कशमकश दौरान जब जालंधऱ से आए सीनियर अधिकारी ने बात सुनी तो उन्होंने बात को घुमाते हुए टिकट की ब्लैकमेलिंग का मुद्दा छेड़ लिया और कहा कि जालंधर, होशियारपुर एवं नवांशहर में काफी ब्लैक होती और इस संबंधी रेलवे द्वारा 143 धारा के तहत कार्यवाही की जाती है। इस बात पर मौके पर मौजूद लोग भड़क गए और उन्होंने कहा कि यहां बात तो कर्मचारी द्वारा नशे की हालत में पूर्व कर्मी के साथ दुरुव्यवहार किए जाने की हो रही है और आप टिकट ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाकर नया मुद्दा छेड़ रहे हैं।

इस दौरान मौके पर पहुंचे लोगों ने रेलवे के खिलाफ नारेबाजी शुरु कर दी। मामला गर्माए जाने की बात का पता चलते ही पूर्व केन्द्रीय राज्य मंत्री विजय सांपला जोकि जालंधर से होशियारपुर नलोईयां चौक स्थित अपने घर जा रहे थे, रास्ते से ही मुड़कर रेलवे स्टेशन पहुंच गए और उन्होंने रेलवे पुलिस अधिकारी से मामला जान कार्यवाही की बात कही। जिस पर अधिकारी आरोपी कर्मचारी का मैडीकल करवाने को तैयार हो गए और उन्होंने कहा कि मैडीकल रिपोर्ट के आधार पर बनती कार्यवाही की जाएगी। रात करीब 8 बजे शुरु हुआ हंगामा देर रात डेढ़ बजे अधिकारी द्वारा आरोपी कर्मचारी का मैडीकल करवाए जाने को लेकर जाने तक जारी रहा। श्री सांपला ने कहा कि पूर्व कर्मचारी ही नहीं बल्कि आम आदमी के साथ भी कोई कर्मचारी नशे या सामान्य हालत में दुरुव्यवहार नहीं कर सकता। इसलिए यह मामला बहुत ही संगीन है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करवाई जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here