Friday, October 23, 2026
Home Himachal लंबलू पंचायत में कॉमन सर्विस सेंटर की जगह चल रहा एक वकील...

लंबलू पंचायत में कॉमन सर्विस सेंटर की जगह चल रहा एक वकील का ऑफिस

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रजनीश शर्मा। हमीरपुर जिला के बमसन विकास खंड की लंबलू पंचायत में एक नाटकीय घटनाक्रम में पंचायत प्रधान करतार सिंह पंचायत घर के दरवाजे पर पहले धरने पर बैठे और फिर सारा मामला पुलिस और एसडीएम हमीरपुर तक पहुंच गया। इस बीच विकास खंड अधिकारी बमसन वैशाली शर्मा भी मौके पर पहुंची। फिलहाल मामला अभी सुलझा नहीं है। 

Advertisements

यह है सारा मामला 

ग्राम पंचायत लंबलू के लिए एक कॉमन सर्विस सेंटर अलॉट हुआ है। यहां करीब पांच लाख रुपए की लागत से इसके लिए एक कमरे का निर्माण भी हुआ है। कॉमन सर्विस केंद्र स्थानीय व्यक्ति राजेंद्र शर्मा को चलाने की वाकायदा परमिशन भी दी गई किंतु आठ दिन बाद ही राजेंद्र शर्मा को इस कमरे से हटा एक बालकनी में शिफ्ट कर दिया गया। पंचायत के इस कमरे में एक वकील  ने अपना ऑफिस खोल लिया। पंचायत के अन्य नुमाइंदों ने इसका विरोध भी किया लेकिन करीब एक साल से वकील  पंचायत के कमरे को ऑफिस के रूप में यूज कर रहे हैं । इस बारे क्या कोई रेंट एग्रीमेंट या फिर इकरारनामा पंचायत और वकील  के बीच हुआ है या नहीं , इस बारे भी कोई स्थिति स्पष्ट नहीं है। इसी माह  6 फरवरी को  राजेंद्र शर्मा पुत्र सर्वण कुमार गांव झटवाड़ ने बीडीओ  बमसन को शिकायत पत्र सौंप बताया गया कि ग्राम पंचायत लंबलू में जिस कमरे में लोकमित्र केंद्र चलना था वहां एक वकील का ऑफिस चला हुआ है । उन्होंने कहा कि इसमें मिली भक्ति से गड़बड़ हो रही है और उसे पंचायत कार्यालय परिसर में ही कमरा उपलब्ध करवाया जाए। 

ऐसे शुरू हुआ विवाद 

इसके बाद  ग्राम पंचायत प्रधान  करतार सिंह ने कमरा खाली करवाने बारे कहा तो वहां विवाद हो गया मौके पर पुलिस और बीडीओ  वैशाली शर्मा भी पहुंची। फिर भी विवाद नहीं सुलझा तो ग्राम पंचायत लंबलू के प्रधान और उप प्रधान एसडीएम हमीरपुर के पास पहुंचे। फिलहाल अभी भी कॉमन सर्विस सेंटर की जगह वकील का ऑफिस चला हुआ है। इस बारे बीडीओ बमसन वैशाली शर्मा ने बताया कि एक शिकायत पत्र उनके पास आया था जिस पर वह मौके पर  लंबलू पंचायत में गई थी। वहीं वकील का कहना है कि उसे जबरदस्ती कमरा खाली करने को कहा गया और उनकी फाइलों को भी फेंक दिया गया। पंचायत प्रधान करतार सिंह ने कहा कि वकील ने पंचायत घर के कमरे पर नजायज कब्जा किया हुआ है जिसे खाली करवाया जा रहा है। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here