Sunday, October 18, 2026
Home Chandigarh ‘युद्ध नशे विरूद्ध’ अभियान की जबरदस्त सफलता, अब तक 1035 किलो हेरोइन,...

‘युद्ध नशे विरूद्ध’ अभियान की जबरदस्त सफलता, अब तक 1035 किलो हेरोइन, अफीम सहित कई सिंथेटिक ड्रग्स जब्त

चंडीगढ़ (द स्टैलर न्यूज़)। आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने पंजाब सरकार के नशा के खिलाफ अभियान ‘युद्ध नशे विरूद्ध’ की पिछले 10 दिनों की सफलता को बताया और अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी मीडिया के साथ साझा की। सोमवार को चंडीगढ़ पार्टी कार्यालय में अमन अरोड़ा ने इसको लेकर एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में ‘आप’ सरकार द्वारा पंजाब में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को अभूतपूर्व सफलता मिली है। उन्होंने बताया कि ‘युद्ध नशयां विरूद्ध’ अभियान के तहत अब तक पुलिस ने नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटांसेज एक्ट (एनडीपीएस) के तहत 988 एफआईआर दर्ज किए हैं और 1360 ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं 1035 किलो हेरोइन, अफीम और अन्य सिंथेटिक ड्रग्स जब्त किए गए हैं। करीब 6 लाख 81 हजार नशीली दवाओं की गोलियां और 36 लाख रुपए नगद भी बरामद हुए हैं। ये आंकड़े बताते हैं कि आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार नशा खत्म करने को लेकर कितनी गंभीर है। इसके अलावा नशा तस्करी से जुड़े करीब 24 इमारतों को ध्वस्त किया गया है। इन लोगों ने गैर कानूनी और तस्करी के माध्यम से करोड़ों रुपए की संपत्ति अर्जित की थी। वहीं पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से 19 तस्कर घायल भी हुए हैं। पुलिस को अपनी सुरक्षा में इन लोगों पर मजबूरन गोलियां चलानी पड़ी।

Advertisements

अरोड़ा ने कहा कि आप सरकार पंजाब से नशा खत्म करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ 24×7 कारवाई कर रही है। उन्होंने नशा तस्करों को चेतावनी दी और कहा कि या तो नशा का धंधा छोड़ दो या पंजाब छोड़ दो। नशा के साथ कोई समझौता नहीं होगा। अरोड़ा ने कहा कि पिछली सरकारें नशा तस्करों को संरक्षण देती थी, जिसके कारण आज तक पंजाब नशे का सामना कर रहा है। पिछली सरकारों के विपरित ‘आप’ सरकार नशा तस्करों पर कारवाई कर रही है, जिसके नतीजे भी हमारे सामने है। हमारी सरकार पंजाब से नशा को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और हमें पूरा भरोसा है कि हमारा यह अभियान सफल होगा। अरोड़ा ने बताया कि इस अभियान के लिए बनी कैबिनेट कमेटी के चार मंत्री मैं, हरपाल सिंह चीमा, लालजीत सिंह भुल्लर और तरुणप्रीत सिंह सोंध मॉनिटरिंग के लिए नियमित तौर पर अलग- अलग जिलों में जाकर जिला पदाधिकारियों के साथ मीटिंग कर रहे हैं। वहीं स्वास्थ्य मंत्री डॉ बलबीर सिंह पंजाब के सभी अस्पतालों, डी-एडिक्शन और रिहैबिलिटेशन सेंटर की निगरानी कर रहे हैं और मरीजों से भी मिल रहे हैं। अरोड़ा ने कहा कि इस बार पंजाब सरकार और पंजाब पुलिस राज्य से नशा खत्म करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here