
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब की शिक्षा प्रणाली में आम आदमी पार्टी द्वारा बच्चों की पढ़ाई के साथ भी राजनीति करनी शुरू कर दी गई है, जोकि अति निंदनीय और शर्मनाक है। भाजपा किसी कीमत पर इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। यह बात भाजपा नेताओं जिला भाजपा महामंत्री सुरेश भाटिया बिट्टू एवं जिला सचिव अशवनी गैंद ने राजनीतिक शास्त्र में आम आदमी पार्टी से संबंधित सवाल पूछे जाने पर आपत्ति जताते हुए कही। इस मौके पर उनके साथ यशपाल शर्मा व वीरप्रताप राणा भी मौजूद थे। इस संबंधी जारी एक प्रैस विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि आज तक पंजाब में सभी पार्टियों ने पंजाब की शिक्षा प्रणाली में राजनीति करने का प्रयास नहीं किया, जिस प्रकार आम आदमी पार्टी कर रही है। श्री गैंद व भाटिया ने कहा कि राज्य सरकार नीति निर्माता, अधिवक्ता और संपर्ककर्ता के रुप में कार्य करती है, इसके साथ ही राज्य सरकार शिक्षकों की योग्यता तय करने, शिक्षा के मानक तय करने और राज्य मुल्यांकन तैयार करने के लिए जिम्मेदार है न कि अपने पार्टी सुप्रीमो के नाम का इतिहास बच्चों की किताबों में पढ़ाना और बच्चों के जरिए अपना प्रचार करने का काम करती है।

लेकिन आम आदमी पार्टी ने औछी राजनीति की सारी हदें पार करते हुए शिक्षा प्रणाली को अपने प्रचार का माध्यम बनाकर अपना शिक्षा विरोधी चेहरा भी जनता को दिखा दिया है। भाजपा नेताओं ने कहा कि दिल्ली की तर्ज पर पंजाब का विकास करने के दावे करने वाली आप की भ्रष्टाचार लिप्त नीतियों ने जहां दिल्ली को बर्बाद कर दिया था वहीं अब पंजाब को भी आप द्वारा खूब लूटा जा रहा है। लेकिन जनता इनके भ्रष्टाचार एवं गलत नीतियों को भलीभांकि जान चुकी है और 2027 का बेसब्री से इंतजार कर रही है, जब वह इसे पंजाब से बाहर का रास्ता दिखा देगी।












