
नई दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। केंद्र सरकार ने 14 अप्रैल को भारतीय संविधान के निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती मौके पर सार्वजनिक छुट्टी की घोषणा की है। केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने पोस्ट डालकर इसकी जानकारी सांझा की है। उन्होंने कहा, “संविधान के निर्माता, समाज में समानता के नए युग की स्थापना करने वाले, हमारे पूज्य बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती पर अब सार्वजनिक अवकाश रहेगा।”



शेखावत ने कहा, “यह निर्णय लेकर बाबा साहेब के समर्पित अनुयायी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र की भावनाओं का सम्मान किया है।” कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय द्वारा जारी सरकारी आदेश में इस बात की पुष्टि की गई है कि भारत भर में औद्योगिक प्रतिष्ठानों सहित केंद्रीय सरकारी कार्यालय 14 अप्रैल, 2025 को अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में बंद रहेंगे। आदेश में कहा गया है कि भारत सरकार के सभी मंत्रालय या विभाग इस निर्णय को सभी के संज्ञान में ला सकते हैं।











