
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। शिव सेना समाजवादी पार्टी की एक हंगामी मीटिंग होशियारपुर में कार्यकारी पंजाब प्रधान जावेद खान की अध्यक्षता में हुई। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष कमलेश भारद्वाज जी और राष्ट्रीय युवा प्रभारी बंटी जोगी विशेष तौर पर शामिल हुए। मीटिंग को संबोधित करते हुए जावेद खान ने कहा कि गत रात जालंधर में जो भाजपा के पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया कि घर पर ग्रनेड से हमला हुआ है उसकी हम कड़ी निंदा करते हैं। उन्होने कहा कि पंजाब का माहौल दिन-ब-दिन वद से वदतर होता जा रहा है, पहले तो हमलावर गोलियों का इस्तेमाल करते थे अब तो सीधा ग्रनेड का इस्तेमाल करके वारदात को अंजाम दिया जा रहा है। इससे पहले भी पुलिस थानों पर ग्रनेडों से हमले हो चुके हैं, परन्तु मान सरकार ने इस पर चुप्पी साधी हुई है।

उन्होने कहा कि सरकार को वी.आई.पी. कल्चर को त्याग कर पंजाब की बिगड़ रही कानून और व्यवस्था पर ध्यान देना चाहिए ताकि पंजाब में अमन और शांति कायम रह सके। उन्होने कहा कि पंजाब पर माहौल खराब होने का खतरा मंडरा रहा है। उन्होने मुख्यमंत्री पंजाब से अपील की कि वे केजरीवाल की तरफ से ध्यान हटा कर पंजाब की तरफ लगायें और बिगड़ी हुई कानून और व्यवस्था को ठीक करें क्योंकि पंजाब की जनता ने आप को भारी बहुमत से जिता कर इसी लिए मुख्यमंत्री बनाया था। इस अवसर पर पिंकेश्वर राय, रवि कुमार, सुमित नाहर आदि मौजूद थे।











