
बैंसतानीवाल/होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री डा. रवजोत सिंह ने रविवार को गांव बैंसतानीवाल में पंचायत द्वारा आयोजित पहले वॉलीबॉल और रस्साकशी टूर्नामेंट के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार के ठोस प्रयासों के कारण पंजाब जल्द ही देश के खेल नक्शे पर अग्रणी राज्य के रूप में उभरेगा। पंचायत और गांव के गणमान्य व्यक्तियों के साथ-साथ खिलाड़ियों से परिचय के बाद स्थानीय निकाय मंत्री डा. रवजोत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार गांव-गांव में खेलों को प्रोत्साहित करने पर ध्यान दे रही है, जिसके तहत गांवों में खेल मैदान बनाने के साथ-साथ जिम भी तैयार किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने खेलों के लिए चालू वित्तीय वर्ष में 979 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है, जो पंजाब के इतिहास में खेल क्षेत्र के लिए अब तक की सबसे बड़ी राशि है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेल संस्कृति और ढांचे को और मजबूत करने के लिए दृढ़ संकल्पित है और गांवों में इस तरह के टूर्नामेंट इस दिशा में मददगार साबित होंगे। उन्होंने कहा कि पंजाबी युवाओं में मेहनत और लगन का अपार जज्बा है, जिसके साथ वे दुनिया भर में अपनी काबिलियत का लोहा मनवा चुके हैं और खेलों में भी पंजाबियों ने विशिष्ट छाप छोड़ते हुए विश्व स्तर पर बड़े मुकाम हासिल किए हैं। पंजाबी खिलाड़ियों की ओर से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न खेलों में जीते गए पदकों का जिक्र करते हुए कैबिनेट मंत्री डा. रवजोत सिंह ने कहा कि पहली बार ऐसा हुआ है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबलों की तैयारी के लिए भी खिलाड़ियों को वित्तीय सहायता दी गई है।

उन्होंने कहा कि ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ ने खिलाड़ियों को अपने हुनर के प्रदर्शन के लिए उचित मंच प्रदान करते हुए पूरे प्रदेश में खेल संस्कृति को और समृद्ध करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेलों को प्रोत्साहित करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी और खिलाड़ियों को हर जरूरी सुविधा प्रदान की जाएगी। गांव बैंसतानीवाल की बाहरी फिरनी (सड़क) के मजबूतीकरण, स्टेडियम को नया रूप देने और 51 हजार रुपए देने की घोषणा करते हुए डा. रवजोत सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार द्वारा जरूरी विकास कार्य करवाकर गांवों की सूरत बदली जा रही है, जिसके तहत विकास कार्यों के लिए पंचायतों को फंड उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। पंचायत, सरपंच संतोष सिंह, एन.आर.आई. बलजीत सिंह (यू.एस.ए.), इकबाल सिंह (कनाडा), हरभजन सिंह, तीर्थ सिंह, सरबजीत सिंह साबा, नवतेज सिंह बैंस, ओंकार सिंह, रछपाल सिंह, रणबीर सिंह, अमरीक सिंह, अमरतेज सिंह आदि भी मौजूद थे।












