Monday, October 26, 2026
Home Latest जिले के 17 सरकारी स्कूलों में 1.50 करोड़ के विकास कार्यों का...

जिले के 17 सरकारी स्कूलों में 1.50 करोड़ के विकास कार्यों का उद्घाटन

जालंधर (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब सरकार की प्रमुख पहल ‘पंजाब शिक्षा क्रांति’ के तहत आज जिले के 17 विभिन्न सरकारी स्कूलों में 1.50 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का उद्घाटन किया गया, जिसमें 12 प्राईमरी स्कूलों में 43.73 लाख रुपये और 5 उच्च प्राईमरी स्कूलों में 1.06 करोड़ रुपये के विकास कार्य शामिल है। इन कार्यों में मुख्य तौर पर आधुनिक क्लास-रूम, चारदीवारी, नई इमारत तथा आवश्यक नवीनीकरण कार्य शामिल है। पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी और रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने आज यहां सरकारी कन्या सीनियर सेकेंडरी स्मार्ट स्कूल बस्ती शेख में विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार के कार्यकाल के दौरान राज्य के सरकारी स्कूलों में शिक्षा के मानक में सुधार हुआ है, जिसके कारण लोगों का सरकारी स्कूलों की ओर रुझान बढ़ा है और दाखिलों में भी बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि वह दिन दूर नहीं जब सरकारी स्कूल बच्चों की शिक्षा के लिए अभिभावकों की पहली पसंद होंगे।

Advertisements

श्री भगत ने कहा कि पंजाब सरकार सरकारी स्कूलों को अत्याधुनिक बुनियादी ढांचे से लैस कर रही है और डिजिटल प्रौद्योगिकी के माध्यम से छात्रों को आधुनिक शिक्षा भी प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा हमेशा से ही पंजाब सरकार की पहली प्राथमिकता रही है, जिसके चलते सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में स्कूल ऑफ एमिनेंस, कैंपस मैनेजर और सिक्योरिटी गार्ड की नियुक्ति, बस सेवा शुरू करना, डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देना, विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा प्रदान करने के लिए अध्यापकों को विदेशों से प्रशिक्षित करना जैसे अनुकरणीय कदम उठाए है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि ‘पंजाब शिक्षा क्रांति’ महज एक प्रोग्राम नहीं बल्कि पंजाब के भविष्य की नींव को मजबूत करने वाला कदम है। उन्होंने कहा कि बाबा साहिब डा. बी.आर. अम्बेडकर के नेतृत्व में पंजाब सरकार सरकारी स्कूलों की नुहार बदलने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में पढ़ाने की अपील की तथा सरकार द्वारा दी जा रही निःशुल्क सुविधाओं का लाभ उठाने का न्योता दिया।

इस अवसर पर श्री भगत ने स्कूलों में नशे के खिलाफ जागरूकता पैदा करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्कूलों में विद्यार्थियों को नशे के प्रति जागरूक किया जाए ताकि उन्हें इस बुराई के चंगुल में फंसने से बचाया जा सके। इसी प्रकार, करतारपुर के विधायक बलकार सिंह ने सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल नूरपुर और सरकारी हाई स्कूल शेखे गांव में 79.92 लाख रुपये की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर पार्षद मनजीत सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी गुरिंदरजीत कौर, उप जिला शिक्षा अधिकारी राजीव जोशी के अलावा स्कूल के अध्यापक, स्टाफ, विद्यार्थी तथा विद्यार्थियों के अभिभावक उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here