
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में स्थित आतंकवादी ठिकानों पर करारा प्रहार किया है। बता दे कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत भारतीय वायुसेना ने बहावलपुर, मुरीदके, बाघ, कोटली और मुजफ्फराबाद में 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया। भारतीय सूत्रों के अनुसार, यह वही ठिकाने हैं, जहां से भारत पर आतंकी हमलों की साजिशें रची जा रही थीं और उन्हें अंजाम दिया जा रहा था। जानकारी मुताबिक जैश-ए-मोहम्मद के 4, लश्कर-ए-तैयबा के 3 और हिज्बुल मुजाहिदीन के 2 आतंकी ठिकानों को इस ऑपरेशन में नष्ट किया गया। पाकिस्तानी स्थानीय रिपोर्ट्स में बहावलपुर में एयर स्ट्राइक के बाद 30 लोगों के मारे जाने की खबर है। सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरे रात ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर बारीकी से नज़र बनाए रखे थे।

भारतीय सेना ने स्पष्ट किया है कि इस ऑपरेशन में किसी भी पाकिस्तानी सैन्य ठिकाने को निशाना नहीं बनाया गया। लक्षित किये गए सभी ठिकाने आतंकवादियों के थे। भारतीय सूत्रों ने यह भी बताया कि यह एक संयुक्त सैन्य अभियान था, जिसमें भारतीय सेना और वायु सेना ने मिलकर सटीक हमला करने वाले हथियारों का इस्तेमाल किया। पहलगाम आतंकी हमले के लिए जिम्मेदार जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर के ठिकानों को ही जानबूझकर निशाना बनाया गया था।












