Monday, October 19, 2026
Home Chandigarh भारतीय सेना के साथ पंजाब सरकार और 3 करोड़ पंजाबी चट्टान की...

भारतीय सेना के साथ पंजाब सरकार और 3 करोड़ पंजाबी चट्टान की तरह खड़े हैं: अमन अरोड़ा

चंडीगढ़ (द स्टैलर न्यूज़)। पिछले दिनों जम्मू-कश्मीर के पहलगाम हुए आतंकी घटना के जवाबी कार्रवाई में भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान में आतंकवादी संगठनों से जुड़े नौ ठिकाने पर मिसाइल हमले की आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब से तारीफ की और कहा कि तीन करोड़ पंजाबी समेत देश के सभी 140 करोड़ लोग भारतीय सेना पर गर्व महसूस कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी पंजाब के अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने कहा कि पंजाब सरकार और सभी तीन करोड़ पंजाबी भारतीय सेना के साथ खड़े हैं। जब भी देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा पर कोई आंच आई है, पंजाबियों ने हमेशा बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और आगे बढ़ कर अपनी जान कुर्बान की है। इस बार भी हम पाकिस्तान को जवाब देने के लिए तैयार हैं। अरोड़ा ने कहा कि भारतीय सेना के हमले को लेकर पंजाब पुलिस का ‘सेकेंड लाइन ऑफ डिफेंस’ भी पूरी तरह तैयार है। राज्य की पुलिस फोर्स युद्ध में भारतीय सेना के साथ मिलकर हर पाकिस्तानी हमले का मुंहतोड़ जवाब देगी।

Advertisements

अरोड़ा ने कहा कि पंजाब का 532 किलोमीटर का बॉर्डर पाकिस्तान के साथ लगता है। इसलिए किसी भी तरह के सैन्य तनाव के दौरान पंजाब सरकार की भूमिका भी बेहद अहम हो जाती है। इसके लिए बॉर्डर से सटे सभी जिलों को हाईअलर्ट पर रखा गया है और आम जनता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी तरह के पब्लिक इवेंट सरकार की तरफ से रद्द कर दिए गए हैं।  उन्होंने कहा कि अगर पाकिस्तान जवाबी हमला करेगा तो हम उसके लिए पूरी तरह तैयार हैं। हमें पता था कि जब भारतीय सेना हमला करेगी तो पाकिस्तान भी बदला लेने की प्रतिक्रियात्मक कोशिश करेगा। इसलिए हमने पहले से ही सारे इंतजाम कर लिए हैं। पंजाब पुलिस भारतीय सेना का हरसंभव सहयोग कर रही है और साथ मिलकर आगे की तैयारियां कर रही है। अरोड़ा ने पंजाब के लोगों से भी सरकार के सभी आदेश और हिदायतें मानने की अपील की ताकि सार्वजनिक सुरक्षा के लिए कोई खतरा उत्पन्न न हो।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here