
चंडीगढ़ (द स्टैलर न्यूज़)। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ सेक्टर में एलओसी के पास स्थित एक गुरुद्वारा साहिब पर पाकिस्तान की ओर से किए गए हमले पर गहरा दुख प्रकट किया है। केजरीवाल ने पाकिस्तान द्वारा किए गए इस हमले को बेहद निंदनीय और मानवता को शर्मसार करने वाला बताया। उन्होंने हमले में मारे गए रागी सिंह भाई अमरीक सिंह, अमरजीत सिंह, रंजीत सिंह एवं रूबी कौर को नमन किया एवं उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

मंगलवार रात पुंछ सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास पाकिस्तान की ओर से की गई भारी गोलीबारी और बमबारी में एक महिला और दो बच्चों समेत करीब 10 लोगों की मौत हो गई एवं 45 के करीब लोग घायल हो गए। अरविंद केजरीवाल ने सभी दिवंगत आत्माओं की शांति और उनके परिजनों को यह असहनीय पीड़ा सहने की शक्ति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की।












