Saturday, October 17, 2026
Home Chandigarh पंजाब की मान सरकार और 3 करोड़ पंजाबी देश की सुरक्षा के...

पंजाब की मान सरकार और 3 करोड़ पंजाबी देश की सुरक्षा के लिए एकजुट: अमन अरोड़ा

चंडीगढ़ (द स्टैलर न्यूज़)। आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने देश की सुरक्षा के प्रति पंजाब सरकार की अटूट प्रतिबद्धता पर जोर देते हुए कहा कि राज्य सरकार और तीन करोड़ पंजाबी भारतीय सेना के साथ मजबूती से खड़े हैं। अरोड़ा ने खतरों का मुकाबला करने में भारतीय सेना की सतर्कता और निर्णायक कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा, “सेना देश के दुश्मनों को मजबूती से जवाब दे रही है। सेना के प्रयासों का समर्थन करना और देश की एकता व अखंडता को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।” उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में लोगों की सुरक्षा और नागरिक सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए पंजाब सरकार ने कई उपाय किए हैं। अरोड़ा ने बताया कि सीमावर्ती जिलों, पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर और फाजिल्का को हाई अलर्ट पर रखा गया है। वहीं ज़मीनी स्तर पर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हर सीमावर्ती ज़िले में दो मंत्रियों और वहां के वरिष्ठ अधिकारियों की स्पेशल ड्यूटी लगाई गई है। वे राशन, स्वास्थ्य और अग्निशमन सेवाओं जैसी आवश्यक सेवाओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।

Advertisements

वहीं पंजाब पुलिस “सेकेंड लाइन ऑफ डिफेंस” के रूप में कानून- व्यवस्था व शांति बनाए रखने में सेना के साथ समन्वय बनाकर काम कर रही है। इसके अतिरिक्त जमाखोरी, कालाबाजारी या किसी भी तरह के गैर-कानूनी हरकतों को रोकने के लिए भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। अरोड़ा ने चेतावनी दी कि ऐसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने जनता को आश्वासन दिया कि पंजाब सरकार किसी भी चुनौती से निपटने तथा आवश्यक सेवाओं की सुचारू आपूर्ति बनाए रखने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने लोगों से शांत रहने और घबराहट में खरीदारी करने या अनावश्यक रूप से सामान जमा करने से बचने का आग्रह किया। अरोड़ा ने कहा, “पंजाब के लोग बहादुर और दृढ़ हैं। हमें डरने की कोई जरूरत नहीं है। लेकिन इस स्थिति में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार, नागरिक प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी निर्देशों का पालन करना बेहद महत्वपूर्ण है।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here