
होशियारपुर-दसूहा (द स्टैलर न्यूज़)। दसूहा के गांव शाहपुर में जमीनी विवाद के चलते एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के व्यक्ति, मोटरसाइकिल पर सवार था व कहीं जा रहा था, की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी। हत्यारा मोटरसाइकिल व सवार को ट्रैक्टर से चक्कर मारने उपरांत उसे करीब 15 फिट तक घसीटता ले गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान जोगिंदर सिंह पुत्र बावा राम निवासी गांव शाहपुर के रूप में हुई। हत्या के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। इसकी जानकारी मिलने पर गांव के लोग व परिजन मौके पर पहुंचे और उन्होंने पुलिस को सूचित किया। डीएसपी बलविंदर सिंह जौड़ा, थाना प्रभारी राजिंदर सिंह पुलिस पार्टी व फॉरेंसिंक टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और जांच शुरु की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल दसूहा भिजवाया। पुलिस ने मृतक के बेटे मनि के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरु कर दी थी।

पुलिस को दिए बयान में मृतक के बेटे मनि ने बताया कि गांव के ही मनजीत सिंह के साथ उनका विवाद चल रहा था, जिसका केस भी चल रहा है। आज 15 मई वीरवार को जब उसके पिता जोगिंदर सिंह अपने मोटरसाइकिल पर अड्डा खुडा की तरफ निकले तो गांव से कुछ ही दूरी पर खेतों की बुआई कर रहे मंजीत सिंह ने उनके पिता को देखा और ट्रैक्टर से उन्हें टक्कर मार दी व उन्हें कुचल कर उनकी हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार बयान के आधार पर आरोपी पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी ट्रैक्टर चालक मनजीत सिंह को पकड़ने के लिए छापामारी की जा रही है।












