
जम्मू/राजौरी (द स्टैलर न्यूज़), अनिल भारद्वाजः जम्मू कश्मीर के सीमावर्ती जिला राजौरी और पुंछ जिला में सीमा पार से हुई गोलाबारी में शहीद हुए शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए रोटरी क्लब राजौरी ग्रैंड, राजौरी- जवाहर नगर क्षेत्रों के सिविल सोसाइटी सदस्यों द्वारा एक शोक सभा का आयोजन किया गया।

भारत के अलग अलग राज्यों -प्रदेशों के साथ दोनों जिलों के रिहायशी क्षेत्रों में पाकिस्तान की ओर से की गई भारी गोलाबारी में एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त राजौरी, पुंछ के जुड़वां भाई-बहन और अन्य जवानों सहित कम से कम उन्नीस नागरिक शहीद हो गए। और दर्जनों घायल हुए थे। सिर्फ सीमावर्ती क्षेत्रों में ही नहीं, बल्कि पाकिस्तान ने पुंछ शहर, सुरनकोट शहर, मेंढर शहर, राजौरी शहर, कालाकोट, नौशहरा शहर, मंजाकोट शहर सहित कईं नगर कस्बों, गांवों पर भी भारी गोलाबारी की।
इस शोक सभा में रोटरी क्लब राजौरी ग्रैंड के प्रतिनिधियों और अन्य सामाजिक के सदस्यों ने सभी शहीदों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा, जिसके बाद इन दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की गई। इसके बाद शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की गई। रोटरी क्लब राजौरी ग्रैंड के अध्यक्ष डॉ. सचिन वैद ने कहा कि रिहायशी क्षेत्रों पर इस तरह का हमला करना पाकिस्तान की बर्बरता को दर्शाता है। पाकिस्तान ने निहत्थे लोगों पर निशाना बनाने के लिए भारी हथियारों का भी इस्तेमाल किया।
शहीद प्रशासनिक अधिकारी ( एडीडीसी राजौरी) डा. राज कुमार थापा की सेवाओं को याद करते हुए उन्होंने कहा कि शहीद अधिकारी अपने पीछे सार्वजनिक सेवाओं के प्रति पेशेवर जोश और उत्साह की एक अतुलनीय विरासत छोड़ गए हैं। डा. थापा ने अपने जन-समर्थक दृष्टिकोण, जन-केंद्रित प्रतिक्रिया और आम जनता के मुद्दों को संबोधित करने के प्रयासों से सभी का दिल जीत लिया। उन्होंने अप्रैल महीने में राजौरी दिवस के उत्सव के दौरान डॉ. थापा द्वारा निभाई गई सक्रिय और रचनात्मक भूमिका के बारे में भी बताया। डॉ. सचिन वैद ने कहा कि डॉ. थापा को युगों-युगों तक याद किया जाएगा। इस मौके पर भारत भूषण वेद आदि सिविल सोसाइटी के सदस्य अन्य मौजूद थे।











