
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में एक बाजार के पास बम विस्फोट होने का समाचार प्राप्त हुआ है। इस धमाके में 4 लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए है। यह धमाका बलूचिस्तान के किला अब्दुल्ला जिले में जब्बार मार्केट के पास हुआ। विस्फोट के बाद कई दुकानें ढह गईं और कई प्रतिष्ठानों में आग लग गई।

किला अब्दुल्ला के डिप्टी कमिश्नर रियाज खान ने कहा कि विस्फोट में चार लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए। उन्होंने कहा कि बाजार फ्रंटियर कॉर्प्स (एफसी) किले की पिछली दीवार से सटा हुआ था। विस्फोट के बाद अज्ञात हमलावरों और एफसी कर्मियों के बीच गोलीबारी हुई। कानून प्रवर्तन अधिकारियों ने इलाके को सील कर दिया है। व्यापक तलाशी और निकासी अभियान शुरू किया गया है।











