
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। सैनी जागृति मंच पंजाब के महासचिव हरिंदर सैनी ने होशियारपुर रेलवे स्टेशन के निर्माण कार्य में हो रहे भ्रष्टाचार को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के दीमक ने देश के हर विकास कार्य में अपनी जड़े पूरी तरह से फैला ली है। जिसकी ताजा मिसाल होशियारपुर रेलवे स्टेशन में चल रहे निर्माण कार्य में कांट्रैक्टरों द्वारा बहुत ही घटिया स्तर का मटीरियल लगाया जा रहा है जो की चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि होशियारपुर रेलवे स्टेशन तो एक उदाहरण है ऐसे न जाने और कितने रेलवे स्टेशनों पर चल रहे विकास कार्यों में भ्रष्टाचारियों ने अपनी जड़े फैला कर देश के अरबो रुपए पर डाका डाला होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को ऐसे भ्रष्टाचार्यों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। श्री सैनी ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि होशियारपुर रेलवे स्टेशन के नवीनीकरण का कार्य पिछले काफी लंबे समय से चल रहा है और बड़े दुख की बात है कि होशियारपुर में भाजपा के राष्ट्रीय स्तर और राज्य स्तर के अनेक नेता होने के बावजूद भी किसी भी नेता ने इस बहुत बड़ी लूट के बारे में आज तक एक भी शब्द और संज्ञान नहीं लिया है और यही कारण है कि रेलवे ठेकेदारों का हौंसला भ्रष्टाचार के प्रति दिन प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है।

आज रेलवे स्टेशन के सामने बनी नई सड़क बनने के कुछ समय बाद ही दम तोड़ना शुरू कर चुकी है। क्योंकि, इसके निर्माण में सीमेंट की जगह सिर्फ रेत ही डाली गई है। उन्होंने कहा कि अगर किसी ने देश में भ्रष्टाचार कैसे होता है यह देखना हो तो वह होशियारपुर रेलवे स्टेशन पर एक बार अवश्य चक्कर लगाकर आए। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस संबंध में सैनी जागृति मंच पंजाब का एक प्रतिनिधि मंडल रेलवे विभाग के उच्च अधिकारियों से मिलकर लिखित तौर पर इसकी शिकायत करेगा और साथ ही केंद्र सरकार को देश में चल रहे इस भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई के लिए पत्र लिखकर प्रार्थना करेगा। उन्होंने कहा कि अगर होशियारपुर भाजपा के राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय नेताओं में जरा सी भी गैरत और ईमानदारी बाकी है तो वह इस हो रहे भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी आवाज जरूर बुलंद करें ताकि होशियारपुर रेलवे स्टेशन के निर्माण कार्य में उच्च क्वालिटी का मटेरियल लगाने के लिए ठेकेदार मजबूर हो और भ्रष्टाचार करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सके।












