
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। 2012 बैच की पी.सी.एस अधिकारी अमरदीप कौर भुल्लर ने आज बतौर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (सामान्य) होशियारपुर का पदभार संभाल लिया है। पदभार ग्रहण करते समय उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता आम लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना, पारदर्शिता से काम करना और प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावशाली बनाना रहेगा। इससे पहले वह पंजाब सबऑर्डिनेट सर्विस सेलेक्शन बोर्ड (एस.एस.एस.बी.), मोहाली में बतौर सचिव सेवाएं दे रही थी। अपनी प्रशासनिक सेवा के दौरान उन्होंने मोहाली में सहायक कमिश्नर, नाभा की एस.डी.एम., मोरिंडा की एस.डी.एम., स्टेट अधिकारी गमाडा तथा जी.एम. पनसप जैसे महत्त्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए अपने कार्यकुशलता का परिचय दिया है।

अमरदीप कौर भुल्लर ने कहा कि वे डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन के नेतृत्व में जन समस्याओं के त्वरित समाधान, सरकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने और विभागीय तालमेल को मजबूत बनाने की दिशा में पूरी निष्ठा से कार्य करेंगी। उल्लेखनीय है कि अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर अमरदीप कौर भुल्लर के पिता किरणदीप सिंह भुल्लर भी प्रशासनिक सेवा में एक सम्मानित अधिकारी रह चुके हैं और 2002 से 2005 तक डिप्टी कमिश्नर होशियारपुर के रूप में जिले की सेवा कर चुके हैं।












