
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। विकास कार्यों की कड़ी में होशियारपुर के वार्ड नंबर 40 स्थित चौक सुराजां में 23 लाख रुपए की लागत से टायल वर्क्स प्रोजेक्ट की विधिवत शुरुआत की गई। इस कार्य का शुभारंभ स्थानीय विधायक ब्रम शंकर जिम्पा की ओर से किया गया। इस अवसर पर जिम्पा ने कहा कि चौक सुराजां इलाके की हालत काफी समय से खराब थी, जिससे आमजन को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। अब इस इलाके को डब्बी बाजार की तर्ज पर सुंदर और सुविधाजनक बनाया जाएगा। इससे ना केवल स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि बाजार की रौनक भी बढ़ेगी। विधायक जिम्पा ने मौके पर मौजूद नगर निगम अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य की गुणवत्ता में कोई भी कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों के हित में पैसा खर्च कर रही है, ऐसे में हर परियोजना पारदर्शिता और मजबूती के साथ पूरी की जानी चाहिए।

जिम्पा ने बताया कि सुराजां चौक के विकास की दिशा में पहले भी ट्यूबवेल लगवाने जैसे जरूरी कार्य करवाए जा चुके हैं। अब टायल वर्क्स और अन्य सुविधाएं जुड़ने के बाद यह इलाका एक नई पहचान बनाएगा। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने विधायक जिम्पा का आभार जताया और उम्मीद जताई कि आगे भी इसी तरह के विकास कार्यों से इलाके का चेहरा बदलेगा। इस मौके पर होशियारपुर के मेयर सुरिंदर कुमार, डिप्टी मेयर रंजीत चौधरी, पार्षद प्रदीप बिट्टू, पार्षद विजय अग्रवाल, मोहित सैनी और अजय जैन के अलावा इलाके के कई गणमान्य नागरिक भी उपस्थित थे।












