
ओडिशा (द स्टैलर न्यूज़)। ओडिशा सतर्कता निदेशालय ने कालाहांडी जिले में तैनात एक आईएएस अधिकारी को 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी 2021 बैच के आईएएस अधिकारी धीमान चकमा हैं, जो वर्तमान में धरमगढ़ में उप-कलेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार, चकमा ने जिले के एक व्यवसायी से 20 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। उन्होंने पहली किस्त के रूप में 10 लाख रुपये की मांग की और धमकी दी कि यदि रकम नहीं दी गई तो व्यवसायी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में पीड़ित व्यवसायी ने सतर्कता निदेशालय में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई।

विजिलेंस विभाग ने बताया कि शिकायतकर्ता को आवास पर बुलाया गया था, जहां चकमा ने खुद अपने हाथों से नोटों की गड्डियां लीं और उन्हें टेबल की दराज में रख दिया। बाद में हैंड वॉश और टेबल की दराज से पॉजिटिव केमिकल रिएक्शन मिला, जिससे पुष्टि हुई कि उन्होंने ही रिश्वत की राशि को छुआ और उसे छिपाया था। इसके बाद उनके आवास की गहन तलाशी ली गई, जिसमें 47 लाख रुपये नकद बरामद हुए। विजिलेंस विभाग ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच जारी है।












