Thursday, October 29, 2026
Home Latest भूकंप से निपटने की तैयारी में जुटे विद्यार्थी: टौणी देवी स्कूल में...

भूकंप से निपटने की तैयारी में जुटे विद्यार्थी: टौणी देवी स्कूल में मॉक ड्रिल कर बढ़ाया आत्मविश्वास


हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट-रजनीश शर्मा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टौणी देवी में एक विशेष भूकंप मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा स्कूल स्टाफ को आपातकालीन स्थिति में त्वरित, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से प्रतिक्रिया देने के लिए तैयार करना था। प्रधानाचार्य रजनीश रांगड़ा ने विद्यार्थियों को भूकंप के समय अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी और कहा कि, हमारा राज्य हिमाचल प्रदेश भूकंप के दृष्टिकोण से अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में आता है। इसलिए ऐसी तैयारियाँ न केवल आवश्यक हैं बल्कि जीवनरक्षक भी हैं। ड्रिल की शुरुआत सुबह 10:30 बजे विद्यालय में लगे सायरन की आवाज से हुई।

Advertisements

जैसे ही सायरन बजा, छात्रों ने तुरंत ‘ड्रॉप, कवर एंड होल्ड’ (झुको, ढको और पकड़े रहो) की प्रक्रिया को अपनाया। सभी कक्षाओं में बच्चों को बताया गया कि कैसे वे टेबल, बेंच या किसी मजबूत फर्नीचर के नीचे जाकर खुद को सुरक्षित रखें। इसके पश्चात् छात्रों को सुरक्षित निकास मार्ग से निकाला गया और खुले मैदान में पहुँचाया गया। वहाँ उनकी हाजिरी ली गई ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सभी छात्र सुरक्षित स्थान पर पहुँच चुके हैं। पूरे आयोजन को अत्यंत अनुशासित एवं शांतिपूर्ण ढंग से अंजाम दिया गया। विद्यालय के नोडल आपदा प्रबंधन अधिकारी सोनू गुलेरिया ने छात्रों को प्राथमिक उपचार की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भूकंप जैसी आपात स्थितियों में चोटिल व्यक्तियों को किस प्रकार प्राथमिक सहायता दी जाए, यह जानना आवश्यक है।

इस अवसर पर उन्होंने छात्रों को बाँध लगाने, बेसिक फर्स्ट एड किट का प्रयोग करने, तथा घायल व्यक्ति को स्थिर रखने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं का प्रदर्शन कर समझाया। कार्यक्रम में स्काउट एंड गाइड, एनएसएस, और निजी सुरक्षा के बच्चों  ने विशेष भागीदारी निभाई। उन्होंने आपदा प्रबंधन की कार्यप्रणाली में सहयोग कर दूसरों को भी प्रेरित किया। मॉक ड्रिल में विशेष रूप से यह देखा गया कि विद्यार्थी घबराए नहीं, बल्कि शांतचित्त रहकर तय प्रक्रिया का पालन करें। प्रधानाचार्य ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा, “ऐसी मॉक ड्रिल्स से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे कठिन परिस्थितियों में भी सजग और सुरक्षित रहना सीखते हैं। यह प्रशिक्षण उन्हें न केवल विद्यालय में बल्कि घर और समाज में भी आपदाओं से निपटने में सहायक होगा।” इस अवसर पर राजेश,लीना,भूपिंदर ,सुरेश, रवि,कुसुम,हेम लाल, बलबीर, विजय ,पवन सहित सभी अध्यापक उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here