
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। माननीय कमिश्नर खाद्य एवं ड्रग पंजाब दिलराज सिंह आईएएस तथा सिविल सर्जन होशियारपुर डा. पवन कुमार शगोत्रा के आदेशानुसार तथा जिला स्वास्थ्य अधिकारी जतिंदर भाटिया के नेतृत्व में लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुनीश सोढ़ी तथा उनकी टीम ने सुबह-सुबह गुरदासपुर रोड हाजीपुर में नाका लगाकर पनीर तथा अन्य खाद्य पदार्थों के 7 सैंपल भरे। खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुनीश सोढ़ी ने जानकारी देते हुए बताया कि आज सुबह ही नाका लगाकर गुरदासपुर जिले से हाजीपुर में सप्लाई के लिए आ रहे वाहन से पनीर के सैंपल लिए गए। इसी प्रकार, बाहरी जिलों से सप्लाई के लिए आने वाले वाहनों से भी दही व ब्रेड के नमूने एकत्र किए गए।

जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. जतिंदर भाटिया के नेतृत्व में विभिन्न किराना स्टोरों की भी जांच की गई, जहां से सरसों के तेल, चायपत्ती व पान मसाला के नमूने लिए गए। पनीर सहित कुल 7 नमूने लिए गए, जिन्हें आगे की जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि खाद्य विक्रेताओं को एफएसएसएआई के नियमों का पालन करने तथा लोगों को केवल स्वच्छ खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है, ताकि लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ न हो।












