
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित पंजाब सरकार की ओर से जिले के विभिन्न गांवों में विशेष डॉक्यूमेंट्री दिखाई जा रही है। इसी श्रृंखला के तहत रविवार को गांव मांझी, कुरांगणा, फत्तोवाल और सठियाल में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से लगभग 30 मिनट की विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म दिखाई गई। डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से उपस्थित लोगों को श्री गुरु रविदास जी महाराज के जीवन, दर्शन, आपसी भाईचारे, मानवता और सामाजिक सद्भावना के संदेश से अवगत करवाया गया।

पंजाब सरकार के इस उपक्रम के तहत जिले में तीन वैनों के माध्यम से रोजाना 6 गांवों में यह डॉक्यूमेंट्री दिखाई जा रही है। इस मौके पर गांवों के सरपंचों, पंचायत प्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और गांववासियों ने श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ डॉक्यूमेंट्री देखी। पंजाब सरकार द्वारा चलाई जा रही इस विशेष मुहिम की सराहना करते हुए गांववासियों ने कहा कि इस तरह की पहलकदमियों के माध्यम से युवा पीढ़ी को महान गुरुओं के जीवन, विचारों और मानव कल्याण के लिए दिए गए उनके प्रेरणादायक संदेशों को जानने और समझने का अवसर मिल रहा है।
गांववासियों ने डॉक्यूमेंट्री को प्रेरणादायक और समाज के लिए मार्गदर्शक बताया। उन्होंने कहा कि आज के समय में भी श्री गुरु रविदास जी के विचार सामाजिक एकता, भाईचारे, समानता और आपसी सम्मान के रास्ते पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने सामाजिक सद्भावना और समानता को और मजबूत करने के लिए ऐसी जन-जागरूकता मुहिमों को लगातार जारी रखने की जरूरत पर भी जोर दिया।
जिला प्रशासन ने बताया कि श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित यह विशेष डॉक्यूमेंट्री मुहिम आने वाले दिनों में भी जिले के विभिन्न गांवों में लगातार जारी रहेगी, ताकि गुरु रविदास जी की शिक्षाओं और समानता, मानवता तथा सरबत के भले का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सके।












