
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। इज़रायल ने ईरान के कई ठिकानों पर हवाई हमला किया। इस हमले में कई रिहायशी इलाकों को भी नुकसान पहुंचा है। हमले का उद्देश्य ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम, परमाणु अनुसंधान केंद्रों और सैन्य कमांड हेडक्वार्टर्स को ध्वस्त करना था। इसमें ईरान के मिसाइल बेस और IRGC मुख्यालयों का भारी नुकसान हुआ है। इजरायल ने इस सैन्य कार्रवाई को “ऑपरेशन राइजिंग लायन” (Operation Rising Lion) नाम दिया है, जो पूरी तरह से ईरान के परमाणु और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने के लिए किया गया। इजरायल के इस हमले में आर्मी चीफ जनरल मोहम्मद बाघेरी और आईआरजीसी के प्रमुख जनरल हुसैन सलामी की मौत हुई है।

इसके अलावा खतम अल अंबिया के प्रमुख जनरल रशीद को भी इस हमले में टार्गेट किया गया। ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामनेई ने कहा कि इजराइल को इस हमले के लिए सजा मिलेगी। खामनेई ने एक्स पोस्ट कर कहा कि ईरान की सेना इजराइल को बिना सजा दिए जाने नहीं देगी। खामनेई ने कहा कि उनके देश में हुए इस अपराध में ‘इजराइल के शैतानी और रक्त-रंजित हाथ शामिल हैं’। उन्होंने कहा कि इजराइल ने आवासीय इलाकों पर हमला करके अपनी दुर्भावनापूर्ण प्रकृति को उजागर किया है।












