Monday, October 19, 2026
Home Hoshiarpur गढ़दीवाला से मस्तीवाल व मल्लेवाल मार्गः दही लेकर निकलो तो लस्सी बन...

गढ़दीवाला से मस्तीवाल व मल्लेवाल मार्गः दही लेकर निकलो तो लस्सी बन जाए

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। अगर आप गढ़दीवाला से मस्तीवाल की तरफ जाएं तो आपको यह देखकर हैरानी होगी कि इस मार्ग पर गड्ढों में सड़क है या सड़क पर गड्ढे और यह समझने में आपको काफी देर लग जाएगी व गड्ढों से जूझते हुए आप अपनी मंजिल की ओर बढ़ जाएंगे तथा महसूस करेंगे कि इतनी बढ़िया सड़क पर शायद ही आपने कभी सफर किया हो। पिछले करीब 10 साल पहले बनी सड़क अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रही है और सत्ताधारी एवं सरकारी तंत्र का इस तरफ कोई ध्यान नहीं है।

Advertisements

आलम यह है कि सड़क पर पड़े गड्ढों का पता इसी से चल जाए कि आप घर से दही लेकर निकलो और गढ़दीवाला पहुंचते-पहुंचते उसकी लस्सी बन जाए। किसी के बीमार या गंभीर समस्या होने पर इन गड्ढों से सफर करने वाला और बीमार हो जाता है। गड्ढों के कारण डीजल, पैट्रोल की हानि के साथ-साथ लोगों के वाहनों को भी काफी नुकसान पहुंच रहा है। जिसके चलते इलाका निवासियों ने बताया कि उन्होंने कई बार सड़क बनवाने की मांग की, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं। अब तो वह इसी आस में हैं कि कोई तो, कभी तो इसकी सुध लेगा।

उनका कहना है कि इस मार्ग के साथ लगते गांव मल्लेवाल को जाने वाली सड़क की हालत को इससे भी बदतर हो चुकी है तथा जरा सी बारिश के कारण हालात और भी दूभर हो जाते हैं। इसके साथ ही सड़क किनारे लगे गंदगी के ढेर परेशानी और बढ़ा रहे हैं। जिसके कारण लोगों को भारी परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। अब तो हालात यह हैं कि लोगों के घर मेहमान भी आने से कतराने लगे हैं। लोगों ने पंजाब सरकार व मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से अपील की कि उनके गांवों की सुध लेते हुए उक्त सड़कों का निर्माण जल्द से जल्द करवाया जाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here